मेहगांव में सीएम राइज स्कूल के उद्घाटन में भाजपा के मूल कार्यकर्ताओं को किया दरकिनार

उद्घाटन में कई क्षेत्रीय नेताओं की अनुपस्थिती बनी चर्चा का विषय

भिण्ड, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत भिण्ड जिले की मेहगांव एवं अमायन में वर्चुअल माध्यम से मेहगांव क्षेत्र के लिए सौगात के रूप में सीएम राइज स्कूल का भूमिपूजन कराया गया। प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना सीएम राइज स्कूल का भूमिपूजन राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया द्वारा मेहगांव में कराया गया। इस दौरान भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, भाजपा नेता अशोक भारद्वाज, पूर्व नप अध्यक्ष ममता भदौरिया, पूर्व प्राचार्य हरिश्चन्द्र शर्मा, जनपद अध्यक्ष आशादेवी, कन्हारी सरपंच सपना राजौरिया, एसडीएम, तहसीलदार, विद्यालय प्रचार्य सहित भाजपा मण्डल अध्यक्ष गजेन्द्र भदौरिया उपस्थित रहे।


वहीं कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई मूल कार्यकर्ता नदारद रहे, जो कि जनता में चर्चा का विषय बन गया, लोगों में चर्चा रही कि भाजपा के मूल कार्यकर्ता और कांग्रेस पार्टी छोड़ भाजपा में शामिल हुए मंत्री ओपीएस भदौरिया के कारण भाजपा में अंतर्कलह की स्थिती बनी है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में वर्तमान नप अध्यक्ष रहे नदारद, पार्टी में अंतर्कलह की स्थिति हुई उत्पन्न

सीएम राइज स्कूल के उद्घाटन कार्यक्रम में भाजपा के मूल कार्यकर्ता नदारद मिले, वहीं नगर में कार्यक्रम होने के बावजूद नप अध्यक्ष कंचन पिंटू राठौर भी उपस्थित नहीं रहीं, कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा के पूर्व मण्डल अध्यक्ष, मोर्चों के अध्यक्ष सहित भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता भी नदारद रहे।
आखिर क्या कारण है जो मेहगांव विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सीएम राइज स्कूल उद्घाटन कार्यक्रम से दूरी बना ली? या यूं कहें कि मेहगांव में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मंत्री ओपीएस भदौरिया के कार्यकाल से नाराज हैं, कहीं इस नाराजगी का कारण अभी हाल ही में सामाजिक कार्यक्रम में मंत्री भदौरिया द्वारा बोले गए शब्दों को लेकर तो नहीं है या कोई और कारण है? अब ये तो क्षेत्र के नेता और कार्यकर्ता ही जानें आखिर उन्होंने इस कार्यक्रम से दूरी बनाई या उन्हें कार्यक्रम में बुलाया ही नहीं गया।