शासकीय महाविद्यालय आलमपुर ने निकाली तिरंगा रैली

भिण्ड, 13 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव पर लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जोडऩे के उद्देश्य से शासकीय स्नातक महाविद्यालय आलमपुर द्वारा शनिवार को विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। जिसमें महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ शामिल हुआ। तिरंगा रैली के शुभारंभ अवसर पर स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में स्थित महात्मा गांधी एवं देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात तिरंगा रैली निकाली गई। तिरंगा रैली में छात्र छात्राएं हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए भारत माता एवं वन्दे मातरम् के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। महाविद्यालय से शुरू हुई तिरंगा रैली उमावि, नई मस्जिद, नगर परिषद कार्यालय, बस स्टेण्ड होते हुए विजय मंच पर पहुंची। जहां पर महाविद्यालय स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने शहीद विजय सिंह परिहार एवं सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और यहीं पर रैली का समापन हुआ।

रूरई में भी निकली भव्य तिरंगा रैली

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत शा. एकीकृत हाईस्कूल रूरई द्वारा शनिवार को ग्राम रूरई में विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। तिरंगा रैली में विद्यालय के बच्चों एवं गांव के लोगों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय से शुरू हुई तिरंगा रैली गांव के कई गली मोहल्ले से गुजरी। तिरंगा रैली के साथ भारत माता की भव्य झांकी भी चल रही थी। इस दौरान गांव के लोगों ने भारत माता की पूजा अर्चना कर आरती उतारी। तो वहीं डीजे बैण्ड पर बज रहे देशभक्ति गीतों के साथ स्कूली बच्चें, पुलिस जबान, एकीकृत हाईस्कूल विद्यालय स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं गांव के लोग हाथों में तिरंगा ध्वज लिए भारत माता के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे और हर घर तिरंगा फैराने का आह्वान कर रहे थे।