आठ माह की गर्भवती महिला प्रत्याशी रोज 10 किमी पैदल चलकर कर रही चुनाव प्रचार

गोरमी नगर परिषद के वार्ड क्र.नौ में भाजपा से है प्रत्याशी

भिण्ड, 09 जुलाई। जिले की गोरमी नगर परिषद के चुनाव में कुछ ही दिन शेष बचे है। यहां वार्ड क्र.नौ एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। इस वार्ड से भाजपा और कांग्रेस की ओर पार्षद प्रत्याशी मैदान में है। भाजपा की ओर से अजा महिला वर्ग की पार्षद प्रत्याशी प्रियंका कैराना इन दिनों गर्भवती हैं और उसकी कोख में आठ माह का शिशु पल रहा है। ऐसे हालात में वह प्रतिदिन आठ से दस किमी तक चलकर मतदाता के घर-घर पहुंचकर वोट मांग रही है। ऐसी नाजुक हालत में भी वह एड़ी-चोटी का जोर लगाकर जीत हासिल करना चाहती है।
ज्ञातव्य रहे कि गोरमी नगर परिषद अध्यक्ष का पद एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। वहीं नगर के वार्डों की संख्या 15 है। जिसमें वार्ड क्र.तीन और वार्ड क्र.नौ एससी महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा ने वार्ड के चुनाव मैदान में मजबूत प्रत्याशियों को उतारकर अध्यक्ष की कुर्सी पर नजर गढ़ा ली है। वार्ड क्र.तीन से भाजपा ने सुनीता निर्मल आर्य उतरा है। वहीं वार्ड क्र.नौ से प्रियंका कैराना को प्रत्याशी बनाया है। नगर परिषद के वार्ड पार्षद चुनाव में भाजपा अपना प्रत्याशी जीताने में जुटे हैं। ऐसे में यद्यपि बीजेपी के वार्ड पार्षद ज्यादा जीते और संख्या अधिक रही, तो नगर में भाजपा अपना अध्यक्ष बनाएगी। ऐसी स्थिति में इन दोनों आरक्षित महिला प्रत्याशियों के जीत हार के बाद अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए दबेदारी रहेगी। क्योंकि कस्बे में दो ही एससी की महिला चुनावी मैदान में है। वे अपनी जीत को पक्की करके नगर परिषद के अध्यक्षी का सपना बुन रही है। यही कारण है कि आठ माह से अधिक की गर्भवती होने के बावजूद भी भाजपा की पार्षद प्रत्याशी प्रियंका दिन-रात मेहनत कर रही है। गर्भवती होने के बाद भी हर मतदाता के दहलीज पर दस्तक देकर वोट मांग रही है।
वार्ड पार्षद प्रत्याशी प्रियंका कैराना ने बताया कि मेरी सास वर्ष 2009 में पार्षद का चुनाव लड़ी थी। इस बार भाजपा ने मुझे मौका दिया इसलिए चुनावी मैदान में उतरी हुई हूं। उनका कहना है कि मैं 30 सप्ताह यानी आठ माह की गर्भवती हूं। कोख में शिशु होने के बाद भी हर रोज 8-10 किमी पैदल चलकर मतदाता से वोट मांगती हूं। हर रोज चार से पांच घण्टे फील्ड में रहती हूं। मतदाताओं से बातचीत कर विकास के संबंधी मुद्दों पर चर्चा करती हूं। प्रत्याशी का कहना है मेरा स्वास्थ्य सामान्य है। चिकित्सक से सलाह ली थी। खाने पीने का पूरा ख्याल रही हूं। प्रियंका का कहना है कि मेरी जीत हुई तो मैं अध्यक्ष के लिए दावा करूंगी। क्योंकि एससी वर्ग से सबसे ज्यादा पढ़ी लिखी हूं, योग्यता एमएसी बीएड है।