ऊमरी व लहार से किशोर अगवा

भिण्ड, 05 जुलाई। जिले के ऊमरी एवं लहार थाना क्षेत्र से किशोर अगवा होने के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें से एक किशोर ऊमरी के ग्राम धजे के पुरा से तथा दूसरा लहार के वार्ड क्र.नौ से गायब हुआ है।
जानकारी के अनुसार ऊमरी थाना क्षेत्र के ग्राम धजे के पुरा निवासी दिलीप जाटव पुत्र रामभरोसे जाटव ने थाना पुलिस को बताया कि सोमवार की रात करीब 10 बजे उनका जितेन्द्र सिंह उम्र करीब 17 साल घर से लापता हो गया। उन्होंने संदेह व्यक्त किया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसका बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गया है। थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर लहार के वार्ड क्रमांक नौ निवासी अरविंद कुशवाह पुत्र रामेश्वर कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उनका 13 साल नौ माह का लड़का अंशू कुशवाह मंगलवार सुबह करीब सात बजे से घर से लापता है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे बहला-फुसलाकर कहीं ले जाने की आशंका व्यक्त की गई है। लहार थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना आरंभ कर दी है।