कंचनपुर गांव में आगजनी से किसानों की 150 एकड़ फसल राख
भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया ने कंचनपुरा पहुंचकर पीडि़त किसानों को बंधाया धैर्य
भिण्ड, 11 अप्रैल। गोहद विधानसभा क्षेत्र के मालनपुर की ग्राम पंचायत कंचनपुर में किसानों की खेत में खड़ी 150 एकड़ की गेहूं की फसल भीषण आगजनी से जलकर नष्ट हो गई, 200 किसान इस भीषण आग से प्रभावित हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय दैपुरिया मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ कंचनपुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणजनों से घटना की संपूर्ण जानकारी ली और उनके खेत पर जाकर बताया कि शासन और प्रशासन आपके साथ सुख और दुख में खड़ा है, किसान का जो नुकसान हुआ है उसका पूरा मुआवजा शासन की योजना अनुसार उनको दिया जाएगा।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष विजय दैपुरिया ने किसानों को धैर्य देते हुए कहा कि यह घटना काफी दुखद है, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि मंत्री कमल पटेल एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दर्शन सिंह से चर्चा कर इस जटिल घटना की ओर उनका ध्यान आकर्षित कर आएगा, सरकार आपके साथ खड़ी है। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सर्वे टीम बनाकर भेज दी गई है, हर किसान के फसल नुकसान का उनके खेत पर जाकर सर्वे किया जा रहा है एक भी किसान ऐसा नहीं छूटेगा।
दैपुरिया ने कंचनपुरा गांव के मौका स्थल पर सर्वे टीम और पटवारी से कहा कि आगजनी से पीडि़त किसानों के लिए प्रदेश सरकार मुआवजा देने को तैयार है, जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुए है, उन किसानों के नाम सर्वे सूची पर गुणवत्ता आधार पर लिखे जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए ताकि उनको उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि गेहूं खेत पर पूर्ण रूप से जल चुका है जिन किसानों ने अपनी कटाई नहीं की और फसल खेत में खड़ी रही ऐसे किसानों की फसल नाम मात्र की भी नहीं रही इनके भी नाम सर्वे सूची में अंकित किए जाएं। उन्होंने दूरभाष पर एसडीएम गोहद, तहसीलदार गोहद को अवगत कराया कि जो टीम सर्वे कर रही है उसमें किसानों के नाम पूर्ण रूप से लिखे जाएं और जब फाइनल रिपोर्ट का प्रकाशन किया जाए तो किसानों को विश्वास में लेकर इस कार्रवाई को आगे बढ़ाने का काम करें ताकि किसानों को यह विश्वास हो सके कि हमारी जो फसल जलकर नष्ट हुई है उसका सही से सर्वे किया गया है।
इस मौके पर वरिष्ठ नेता ब्रह्मदेव सिंह यादव, युवा नेता धर्मेन्द्र तिवारी, मालनपुर मण्डल अध्यक्ष देवेन्द्र गौड़, दीपक शर्मा, बहादुर सिंह कौरव, सरदार हरदीप सिंह कंग, हरिसिंह सिद्धू, गुरदीप सिंह, धारासिंह, दिलबाग सिंह, पुष्पेन्द्र कौरव, सूरत सिंह कौरव, राकेश सिंह तथा ग्रामीणजन मौजूद थे।