पूर्व सैनिक के अधिकार छीन रही है प्रदेश सरकार, भाजपा का राष्ट्रवाद सिर्फ दिखावा : कटारे

सैनिकों का अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरना शर्मनाक

भिण्ड, 10 अप्रैल। पुलिस भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे पूर्व सैनिकों का समर्थन अब बढ़ रहा है, अब उनकी इस लड़ाई में कांग्रेस भी मैदान में उतर आई है।
अटेर के पूर्व कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि एक तो व्यापमं घोटाले ने लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट कर दिया। अब प्रदेश भाजपा सरकार पूर्व सैनिकों के साथ भी नियम विरुद्ध सौतेला व्यवहार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जो सैनिक रिटायर हो गए हैं, उन्हें पुलिस भर्ती में आरक्षण मिलता है। इस बार हुई आरक्षक भर्ती के यह आरक्षण किसी पूर्व सैनिक को नहीं दिया गया है। इससे गड़बड़ी का साफ पता चल रहा है। कम नंबर वाले पास हो गए और एक्स सर्विस मैन के ज्यादा नंबर होने के बाद भी फेल कर दिए गए। और एक भी पूर्व सैनिक को मौका नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि असली राष्ट्र भक्त पूर्व सैनिकों पर फर्जी राजनीतिक राष्ट्रभक्तों की भाजपा सरकारों ने उनके अधिकारों पर चाबुक चलाया है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा का राष्ट्रवाद न सिर्फ फर्जी है, बल्कि ये दिखावा मात्र है। कांग्रेस पार्टी पूर्व सैनिकों की सभी मांगों का समर्थन करती है और सरकार से भी उन्हें मंजूर करने की मांग करती हैं। उन्होंने कहा कि ये हमारे लिए शर्मनांक और काला दिन है, जब अपने प्राणों को हथेली पर रखकर देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों को अपनी मांगो को लेकर सड़क पर उतरना पड़ा। पूर्व विधायक ने कहा कि कांग्रेस उनके आंदोलन ने जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरेगी और भाजपा की ईंट से ईंट बजा देगी। उन्होंने जनता से पूर्व सैनिकों की मांगों को लेकर समर्थन की अपील की है।