भिण्ड, 10 अप्रैल। लहार नगर में हिन्दू उत्सव समिति द्वारा राम नवमी के अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य सोभा यात्रा नगर के चंद्रशेखर आजाद बस स्टैण्ड से शुरू होकर पचपेड़ा तिराहा तक निकली। जिसमें नगर के सैकड़ों युवाओं ने हुंकार भरी और भगवा ध्वज धारियों से पटी यह विशाल रथ यात्रा जिसको देखकर सबका मन मंत्रमुग्ध हो गया। यात्रा का जगह-जगह श्रृद्धालुओं ने टीका-माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। कुछ श्रृद्धालुओं द्वारा सोभा यात्रा में शामिल युवाओं के लिए जल-पान की व्यवस्था की और सभी का स्वागत बड़े ही उत्साह के साथ किया गया। यात्रा बैण्ड बाजों एवं रथ के साथ सुसज्जित होकर नगर से निकली जिसमें रामधुन की धुन पर युवा थिरकते नजर आए। इसमें डीजे पर भगवान राम की स्तुति, भजन एवं गीतों पर नगर के युवा थिरकते नजर आए। भगवान राम जन्मोत्सव की शोभायात्रा में युवाओं का जोश एवं उत्साह देखते ही बन रहा था।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं भगवान की आरती कर हुआ यात्रा का समापन
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की जन्मोत्सव यात्रा नए बस स्टैण्ड से पचपेड़ा तिराहे होते हुए मंशापूर्ण हनुमान मन्दिर, राम जानकी मन्दिर पर पहुंची। जहां सामूहिक सुंदर काण्ड के पाठ के बाद मन्दिर के पुजारी महाराज द्वारा रामलला की आरती कर भगवान राम का जन्मोत्सव मनाया गया। जिसमें नगर के सैकड़ों युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।