नई पीढ़ी के लिए इससे सुंदर बात और क्या होगी : डॉ. सेंगर

सहस दोहावाली पुस्तक का हुआ विमोचन

भिण्ड, 21 मार्च। अगर कोई महिला अपने कृतित्व में सामाजिक सुधार, देश के विकास और सांस्कृतिक एकता की बात कहती है, तो नई पीढ़ी के लिए इससे सुन्दर बात और क्या हो सकती है। और ये बातें श्रीमती सुमन मिश्रा कृत सहस दोहावली में देखी गई है। यह बात झांसी से पधारीं श्रीमती मिश्रा कृत सहस दोहावली के विमोचन अवसर पर अखिल हिन्दी साहित्य सभा जिला शाखा भिण्ड द्वारा तिवारी आवास पर आयोज्य कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. सुखदेवसिंह सेंगर ने कही। शिक्षक कॉलोनी तिवारी आवास पर सर्वप्रथम पूजा-अर्चना पश्चात श्रीनाथ शर्मा गुरूजी स्मृति समारोह समिति भिण्ड द्वारा श्रीमती सुमन मिश्रा को अंग वस्त्र, श्रीफल, कलम और सचेतन सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. गजेन्द्र सिंह परमार एवं विशेष अतिथि डॉ. शैलेन्द्र सिंह परिहार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। तत्पश्चात आयोज्य काव्य गोष्ठी में डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला, किशोरीलाल बादल, अशोक मिश्रा, सुमन मिश्रा, डॉ. सुखदेवसिंह सेंगर, डॉ. गजेन्द्र सिंह परिहार, आरएन तिवारी ने काव्य पाठ किया। संचालन डॉ. निराला ने किया। इसके अतिथि श्रीमती शशि तिवारी, देवांश तिवारी, श्रीमती राखी तिवारी, आर्यवर्धन, परमाल सिंह, रविन्द्र परमार आदि श्रोता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार आरएन तिवारी ने व्यक्त किया। दोहावली ग्रंथ की प्रतियां सभी उपस्थितों को वितरित की गईं।