कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे नए-नए अनुसंधानों से किसानों को अवगत कराएं : खत्री

– संभागीय आयुक्त खत्री ने कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश

ग्वालियर, 21 अगस्त। कृषि के क्षेत्र में किए जा रहे नए-नए अनुसंधानों की जानकारी किसान भाईयों को मिले, इसके लिए फसलों से संबंधित वैज्ञानिक एडवायजरी समय-समय पर जारी की जाए। समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीक की जानकारी मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने गुरुवार को अपने कार्यालय के सभाकक्ष में ग्वालियर-चंबल संभाग के कृषि, उद्यानिकी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए।
ग्वालियर-चंबल संभाग में रबी वर्ष 2024-25 की समीक्षा एवं खरीफ 2025 की तैयारियों के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त की बैठक में दिए गए निर्देशों के पालन प्रतिवेदन के संबंध में आयोजित बैठक में ग्वालियर-चंबल संभाग के संयुक्त संचालक कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, मण्डी, संभागीय कृषि यंत्री, जोनल मैनेजर मार्फेट, संभागीय बीज प्रमाणीकरण अधिकारी एवं दुग्ध संघ के साथ ही विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त खत्री ने संबंधित अधिकारियों से ग्वालियर-चंबल संभाग में पराली प्रबंधन के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि पराली के संबंध में नई तकनीक और प्रबंधनों के संबंध में किसानों को जानकारी दी जाए। इसके साथ ही हैप्पी सीडर व सुपर सीडर का किसानों के बीच प्रदर्शन किया जाए। ग्वालियर-चंबल संभाग में जे फार्म एप पर अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन हो यह भी सुनिश्चित किया जाए। ग्वालियर-चंबल संभाग में सरसों उत्पादक जिलों में ऑयल मील लगाने हेतु लोगों को प्रोत्साहित किया जाए।
संभागीय आयुक्त खत्री ने यह भी निर्देशित किया है कि उर्वरक वितरण केन्द्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए डबल लॉक केन्द्रों के आधुनिकीकरण का कार्य भी सभी जिलों में किया जाए। उर्वरक की कालाबाजारी, उर्वरक न मिलने संबंधी एवं गुणवत्ता के संबंध में प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निराकरण हो यह भी सुनिश्चित किया जाए।