हथियारबंद बदमाशों से क्षेत्र में दहशत, विरोध में झांकरी बस स्टेण्ड पर जनआक्रोश सभा 21 को

भिण्ड, 15 फरवरी। जिले में अज्ञात हथियार बंद बदमाशों की आमद से परेशान किसानों को राहत नहीं मिल रही है। वे अपने खेतों पर रखवाली करने नहीं जा पा रहे हैं। इसके विरोध में मप्र किसान सभा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में 21 फरवरी को दोपहर 12 बजे मौ क्षेत्र के झांकरी बस स्टेण्ड पर जन आक्रोश सभा का आयोजन किया जाएगा।
जानकारी देते हुए किसान नेता राजेश शर्मा ने बताया कि किसान यदि खेतों में खड़ी फसलों का रखवाली नहीं करता तो आवारा पशु गाय उसकी फसलों को नष्ट कर देता है यदि वह रखवाली करने के लिए जाता है तो अज्ञात बदमाशों के कारण उसकी जान को खतरा है। 15 दिन पहले मौ थाना अंतर्गत गुरियाची गांव में एक किसान की हत्या कर दी गई। पुलिस आज दिन तक हत्यारे का पता नहीं लगा पाई। दूसरी तरफ मौ थाना झाकरी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात हथियारबंद लोगों की लोकेशन देखी जा रही है। उनके द्वारा लोगों को प्रताडि़त भी किया जा रहा है। इसके विरोध में मप्र किसान सभा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के संयुक्त रूप से 21 फरवरी को दोपहर 12 बजे झाकरी बस स्टेण्ड पर जन आक्रोश सभा होगी। जिसे संयुक्त किसान मोर्चा के नेता रामविलास गोस्वामी एवं मप्र किसान सभा के राज्य सचिव अखिलेश यादव एवं मप्र किसान सभा के जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश बाथम संबोधित करेंगे।
किसान नेता श्री शर्मा ने कहा कि जिले का किसान आवारा गाय एवं अन्य जानवरों से परेशान है। प्रदेश सरकार कुंभकरण की नींद में सोई हुई है, सरकार द्वारा संचालित गौशाला में कागजों में चल रही हैं या भाजपा नेताओं के कब्जे में हैं। उन्होंने बताया कि झांकरी पुलिस चौकी पर न तो पर्याप्त पुलिस स्टाफ है और न ही क्षेत्र भ्रमण के लिए उनके पास वाहन उपलब्ध है। इस वजह से गस्त नहीं हो पा रहा है।