नवांकुर सखियों ने रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे

– कलश यात्रा निकालकर दिया हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

ग्वालियर, 25 जुलाई। जन अभियान परिषद से जुडीं नवांकुर सखियों ने शुक्रवार को भितरवार विकास खण्ड के ग्राम करहिया में स्थित सार्वजनिक मन्दिर परिसर में ‘एक पेड मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे। साथ ही नवांकुर सखियों ने कलश यात्रा निकालकर हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जन अभियान परिषद के भितरवार विकास खण्ड समन्वयक मनोज दुबे ने बताया कि नवांकुर सखियों ने बेलपत्र, आंवला, तुलसी, अशोक, शमी पत्र, अमरूद, आम व जामुन सहित 11 प्रजातियों के पौधे रोपे और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। इस आयोजन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति करहिया का भी विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जन अभियान परिषद द्वारा 28 जुलाई तक पांच दिवसीय नवांकुर सखी पौधरोपण वितरण और संरक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत भितरवार विकास खण्ड में पंजीकृत 507 नवांकुर सखियों के माध्यम से लगभग 5 हजार 577 पौधों का बीजारोपण व पौधरोपण किया जाएगा। शुक्रवार को करहिया में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में प्रस्फुटन समिति करहिया के अध्यक्ष रोहित शर्मा तथा हेमंत विश्वकर्मा, काजल प्रजापति, ऊषाराजा परमार, शब्बो शर्मा, ज्योति, रजनी, निशा, रचना व कविता सहित अनेक महिलाओं ने सहभागिता की।