– पृथ्वी पर सभी जीवित चीजों को जैव विविधता दर्शाता है : प्रो. खान
– जैव विविधता दिवस पर प्रकृति के साथ सामन्जस्य और विकास विषय पर कार्यशाला आयोजित
भिण्ड, 04 जून। मप्र जैव विविधता बोर्ड भोपाल के प्रायोजन में सामाजिक संस्था चौधरी रूप नारायण दुबे समाज कल्याण समिति भिण्ड द्वारा जैव विविधता दिवस पर प्रकृति के साथ सामंजस्य और विकास विषय पर संरक्षण संवर्धन हेतु प्रचार-प्रसार के तहत कार्यशाला का आयोजन इग्नू अध्ययन केन्द्र पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगेश यादव ने किया।
मुख्य अतिथि प्रो. जमील अहमद खान ने व्याख्यान देते हुए बताया कि जैव विविधता एक व्यापक शब्द है, जो किसी विशेष स्थान या समय में जीवन की विविधता दर्शाती है। यह शब्द पृथ्वी पर सभी जीवित चीजों की विविधता को दर्शाता है, जिसमें पौधे, जानवर, कवक और सूक्ष्म जीव शामिल हैं। जैव विविधता हमारे गृह के लिए अति महत्वपूर्ण है क्योंकि यह कई पारिस्थितिक तंत्र सेवाओं का समर्थन करती है जैसे कि भोजन, स्वच्छ पानी और दवाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच बृजेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि हमारा भिण्ड जिला जैव विविधता से भरा पडा है। यदि हमने समय रहते इसका संरक्षण नहीं किया तो आगे गंभीर संकट पैदा होने वाले हैं, क्योंकि प्राकृतिक एवं भूमि समुद्री कार्बन अवशोषकों की बात करें तो उनका क्षरण तेजी से जारी है। उदाहरण में अमेजॉन के वनों की कटाई और नमक दलदल व मैंग्रोव दलदल का गायब होना शामिल है, जो कार्बन की बडी मात्रा सोखने का काम करते हैं, भूमि और समुद्र के उपयोग के हमारे तरीके जैव विविधता हानि के सबसे बडे घटकों में से एक हैं।
समाजसेवी पर्यावरण प्रेमी सुनील दुबे ने बताया कि मुझे अपने-अपने स्थानीय स्तर पर जैव विविधता पंजी मेंटेन करने की आवश्यकता है और अपने आस-पास की जैव विविधता को बढावा देते हुए संरक्षण संवर्धन भी आवश्यक है। संस्था अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने जिले की जैव विविधता पंजी तैयार करने की बात कही। कार्यक्रम में सैकडों की संख्या में युवाओं, बच्चों ने सहभागिता कर अपने विचार व्यक्त किए। आभार प्रदर्शन अंकित दुबे ने किया। इस मौके पर प्रिंस चौहान, दीपांशु, अमित, सौरभ, अभिषेक, सार्थक, वैभव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।