– कलेक्टर ने निगम कमिश्नर एवं अधिकारियों के साथ किया आनंद पर्वत का निरीक्षण
ग्वालियर, 23 अप्रैल। हरि पर्वत की तरह ही आनंद पर्वत को भी हरा-भरा बनाया जाएगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने गत दिवस हरि पर्वत के सामने ही स्थापित आनंद पर्वत का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार, एसडीएम विनोद सिंह सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने अधिकारियों से कहा कि आनंद पर्वत को विकसित करने के लिये सभी आवश्यक तैयारियां तत्परता से प्रारंभ की जाएं। आनंद पर्वत पर लगभग 4 बीघा जमीन उपलब्ध है, जिसको हरा-भरा बनाने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि हरि पर्वत की तरह ही आनंद पर्वत को भी सभी के सहयोग से विकसित करने का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इस कार्य में शहर की सामाजिक संस्थाओं, गणमान्य नागरिकों और पर्यावरण प्रेमियों का भी सहयोग लिया जाऐगा। सर्वप्रथम आनंद पर्वत की भूमि को उपजाऊ बनाने के लिए कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही वृहद रूप से पौधारोपण करने के साथ ही वॉकिंग ट्रैक का निर्माण भी किया जाएगा। आनंद पर्वत को पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित करने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
जन आकर्षण का केन्द्र बना है हरि पर्वत
कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि उच्च न्यायालय खण्डपीठ के प्रशासनिक न्यायाधिपति आनंद पाठक की पहल पर नवंबर माह में हरि पर्वत को हरा-भरा करने का कार्य हाथ में लिया गया था। सभी के सहयोग से पर्वत पर वृहद पौधारोपण किया गया। हरि पर्वत आज जन आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। पर्वत पर बडी संख्या में वृक्ष लहलहा रहे हैं। इसके साथ ही अनेक प्रकार के पक्षी भी हरि पर्वत पर देखे जा सकते हैं। शहर के नागरिक भी हरि पर्वत पर पहुंचकर हरियाली का आनंद ले रहे हैं। इसी तर्ज पर आनंद पर्वत को भी हरा-भरा बनाने का सार्थक प्रयास प्रारंभ हो गया है।