अनियंत्रित कार पुलिया से नीचे गिरी, दो महिला डॉक्टरों की मौत, 4 लोग घायल

शिवपुरी, 23 मार्च। जिले के लुकवासा के वायपास एनएच-46 पर रविवार को सुबह एक अर्टिगा कार बेकाबू होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में 2 महिला डॉक्टरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य डॉक्टर घायल हो गए। सभी लोग अयोध्या से उज्जैन जा रहे थे। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार चला रहे डॉ. अतुल आचार्य ने बताया कि उनकी टीम दस दिन पहले महाराष्ट्र से तीर्थ यात्रा के लिए निकली थी। वे अयोध्या दर्शन के बाद उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर जा रहे थे। रविवार सुबह लुकवासा चौकी के पास उनकी कार अचानक बेकाबू होकर पुलिया से टकराकर नीचे गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना में डॉ. तन्वी आचार्य उम्र 50 वर्ष पत्नी डॉ. अतुल आचार्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं डॉ. नीलम पंडित उम्र 55 वर्ष पत्नी डॉ. सुबोध पंडित को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड दिया। कार में मुंबई और आसपास के रहने वाले छह डॉक्टर सवार थे। घायलों में डॉ. उदय जोशी उम्र 64 वर्ष निवासी दादर, डॉ. सुबोध पंडित उम्र 62 वर्ष निवासी बसई महाराष्ट्र, डॉ. अतुल आचार्य उम्र 55 वर्ष निवासी भिवंडी महाराष्ट्र, डॉ. सीमा जोशी उम्र 59 वर्ष घायल हुए हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।