प्रकर्ष फाउण्डेशन द्वारा जल दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 22 मार्च। विश्व जल दिवस प्रतिवर्ष 22 मार्च को जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। इस वर्ष 2025 की थीम ‘ग्लेशियर संरक्षण’ है, जो ग्लेशियरों के संरक्षण के महत्व पर जोर देती है। इसी थीम के तहत प्रकर्ष फाउण्डेशन द्वारा जल दिवस पर इंडस सैनिक स्कूल भिण्ड में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
संस्था के सदस्य उमेश, मोहन, आरती ने बताया कि ग्लेशियर पृथ्वी के मीठे पानी का सबसे बडा स्त्रोत है, लेकिन जलवायु परिवर्तन के कारण वे तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे भविष्य में जल संकट गहरा सकता है। ग्लोबल वार्मिंग को रोकने और जल संरक्षण के लिए अधिक पेड लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि पेड भूजल स्तर बनाए रखने, वर्षा बढाने और जलवायु संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को जल संरक्षण, ग्लोबल वार्मिंग रोकने, ग्लेशियरों की रक्षा करने और अधिक पेड लगाने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय प्राचार्य ने फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जल और पर्यावरण बचाने के लिए यह जागरूकता बेहद जरूरी है। यह प्रयास छात्रों को प्रकृति के प्रति जागरूक बनाने में मदद करेगा। इस दौरान आरती सिंह, आरती राजावत, संगम, राधा, उमेश, मोहन आदि उपस्थित रहे।