फसल बीमा की पॉलिसी और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का किया गया वितरण

-मिलेट मिशन योजनांतर्गत जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी आयोजित

भिण्ड, 02 फरवरी। मिलेट मिशन योजनांतर्गत जिला स्तरीय कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें केवीके के वैज्ञानिक रघुवंशी ने जैविक खेती और सुनील शाक्य ने प्रजनक बीज के बारे में किसानों को विस्तार से समझाया।
किसान संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह कुशवाह, नमोनारायण दीक्षित ने किसानों की समस्याओं के निराकरण और रसायनों के दुष्प्रभाव से कैसे हानि होती है और उनका कैसे बचाव किया जा सकता है, से किसानों को जागरूक किया। प्रगतिशील किसान रामगोपाल गुर्जर ने प्राकृतिक खेती से किसान बिना रसायनों के कैसे फसलों को सुरक्षा दे सकते हैं की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री फसल बीमा की पॉलिसी और मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने किया।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने किसानों की खेती से संबंधित और ट्रेडिशनल खेती से हटकर उद्यानिकी और मार्केट लिंक कार्यक्रम निर्धारित कर खेती हेतु किसानों को प्रेरित करने हेतु सभी कृषि, केवीके और अन्य एलाइड विभागों को समन्वय से कार्य करने हेतु निर्देश दिए। आत्मा कार्यालय में मिलेट मिशन योजना अंतर्गत जिला स्तरीय भव्य कृषक संगोष्ठी का कार्यक्रम जिला पंचायत अध्यक्षा कामना सिंह भदौरिया और कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की गरिमामई उपस्थिति में संपन्न हुआ। जिसमें जिले से प्रगतिशील किसान, किसान संघ के सदस्य, कृषि विभाग के समस्त कर्मचारी और परियोजना संचालक कृषि रामसुजान शर्मा तथा केवीके से वैज्ञानिक की सहभागिता रही।