भिण्ड, 10 अगस्त। शनिवार को डॉक्टर हनुमान के दर्शन के लिए बडी संख्या में श्रद्धालु दंदरौआ धाम पहुंचे। उन्होंने डॉक्टर हनुमान के दर्शन करने के बाद महंत 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया।
रामदास महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि भगवान भक्तों के बस में रहते हैं, वे हमेशा अपने भक्तों का ख्याल रखते हैं। जब-जब संसार में पाप और अत्याचार बढता है, तब भगवान किसी ना किसी रूप में संसार में अवतार लेकर भक्तों के संकट दूर करते हैं। उन्होंने आशीष वचन देते हुए कहा कि मनुष्य का जीवन बिना सत्संग के नहीं चल सकता हैं। सत्संग से हमें धर्म पर चलने की प्रेरणा मिलती है। सत्संग का अर्थ है सभी मनुष्य मिलकर चलें, इसलिए मनुष्य को हमेशा सत्संग करते रहना चाहिए। इस मौके पर रामबरन पुजारी, जलज त्रिपाठी, रामनिहोर जोशी, आदित्य शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।