अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास पहुंचे दंदरौआधाम, लिया आशीर्वाद

भिण्ड, 10 अगस्त। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल दंदरौआ धाम में शुक्रवार की शाम अंतर्राष्ट्रीय कथा व्यास पं. कमल किशोर नागर ने विधि विधान से मंत्रोच्चारण के साथ डॉक्टर हनुमान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
उन्होंने धाम के महंत 1008 महामण्डलेश्वर रामदास महाराज से आशीर्वाद लिया। नागर महाराज ने रामदास महाराज से चर्चा करते हुए कहा कि डॉक्टर हनुमान के दरबार में स्वास्थ्य लाभ की कामना के साथ अपने आश्रम से आकर दर्शन करने आया हूं। यहां पर मुझे तपस्या की अनुभूति होती है, यहां तपस्थली का आभास हो रहा है। उन्होंने महंत रामदास महाराज से कहा कि आप सरल संत हैं। महाराज ने उन्हें झाड लगाकर आशीर्वाद दिया। इस मौके पर रामबरन पुजारी, कमल शर्मा, जलज त्रिपाठी, नरसी दद्दा, मोहित, कार्तिक तिवारी सहित अनेक श्रद्धालुगण मौजूद रहे।