भिण्ड, 19 जनवरी। भारतीय किसान संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नमो नारायण दीक्षित ने किसानों से अपील की है कि मप्र शासन द्वारा पूरे प्रदेश में राजस्व महाअभियान चलाया जा रहा है। पहले भी शासन द्वारा ऐसा अभियान चलाने के आदेश हुए थे, लेकिन अभियान ध्वस्त हो गया था, अब पुन: अभियान 15 जनवरी से शुरू होकर 29 फरवरी तक चलेगा। अगर किसान जागरूक होकर इसमें भाग लेगा तो इस जिले की राजस्व से संबंधित बहुत सी समस्याओं का निदान हो सकता है। क्योंकि भिण्ड और मुरैना प्रदेश में ऐसे जिले हैं, जहा राजस्व के हजारों प्रकरण कई वर्षों से लंबित हैं। निराकरण नहीं होने के कारण आए दिन झगडे और हत्याएंं होती रहती हैं।
दीक्षित ने कहा कि इतिहास गवाह है कि डकैती समस्या राजस्व प्रकरणों में न्याय नहीं मिलने के कारण पैदा हुई थी। आज भी सीमांकन, नामांतरण फोती नामांतरण, अविवादित बंटवारे, किसान सम्मान निधि से हजारों किसान वंचित हैं, बंदोबस्त के समय नक्शे गलत बना दिए, गलत नाम लिख दिए, हिस्सेदारों के नाम खसरे से हटा देना, ऐसी कई समस्याओं का सामना किसानों को करना पड रहा है। भिण्ड में भूमाफियाओं की गैंग बन गई है, जो विवादित जमीनों पर बंदूकों की दम पर कब्जा कर लेते हैं, क्योंकि इनके पीछे जबरदस्त राजनीतिक हस्तक्षेप और भ्रष्टाचार के कारण यह सफल हो जाते हैं। मप्र शासन के किसान हितैषी मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में फिर से अभियान शुरू हुआ है, किसान इसका लाभ उठाएं। अपील करने वालों में कुलदीप भदौरिया, रमेशबाबू चौधरी, लक्ष्मण सिंह नरवरिया, राजेन्द्र गर्ग, जिलामंत्री बृजेश चौधरी, सोनू भदौरिया आदि प्रमुख हैं।