डॉ. एसबी शर्मा का जीवन समाज के लिए सेवाभावी रहा : अम्बरीश

डॉ. शर्मा की स्मृति में आयोजित नेत्र परीक्षण शिविर में 42 मरीज ऑपरेशन हेतु चयनित

भिण्ड, 28 दिसम्बर। व्यक्ति की प्रेरणा हमेशा पीढी दर पीढी जीवंत रखती है, आज उसका यह प्रत्यक्ष उदाहरण हमारे सामने है, स्व. डॉ. श्याम बिहारी शर्मा का जीवन समाज के लिए सेवा भावी रहा है। इसी प्रकार के सेवा कार्यों को जारी रखने का आह्वान करते हुए हमेशा सहयोग करने की बात कही। नेत्र सही दृष्टि वाले होंगे तो वे स्वयं के साथ-साथ शरीर के अन्य प्रत्यंगों और परिजनों की देखभाल भी ठीक से कर पाएंगे। यह बात विधायक लहार अम्बरीश शर्मा ने मुख्य अतिथि की आसंदी से नेत्र परीक्षण शिविर में मौजूद मरीजों को संबोधित करते हुए कही।
डॉ. श्याम बिहारी शर्मा की स्मृति में ग्राम गौरई के कान्हा उत्सव वाटिका, इंदुर्खी तिराह में गुरुवार का सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक नेत्र शिविर का आयोजन रतन ज्योति चेरिटेबिल ट्रस्ट ग्वालियर के माध्यम से संपन्न हुआ। जिसमें 148 रोगियों के नेत्रों का परीक्षण किया गया तथा 42 रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु ग्वालियर ले जाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. डीके शर्मा ने कहा कि बिना आंखों के हम अपने जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते। आंखें अनमोल हैं, बढती उम्र और कुछ बीमारियों के कारण आंखों की रोशनी या तो कम हो जाती है या चली जाती है। सावधानी एवं जागरुकता से ही हम अपनी आंखों की रोशनी को बचा सकते हैं। लिहाजा समय-समय आंखों की जांच कराते हुए सावधानी बरतें तो रोशनी को बनाए रख सकते हैं। साथ ही हमे हरी लाल सब्जियों का भी सेबन करना चाहिए। पोषण युक्त भोजन स्वस्थ आंखों के लिए अत्यंत आवश्यक है।
समाजसेवी अनिल शर्मा ने डॉ. एसबी शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके स्मृति में चल रहे विभिन्न सेवा प्रकल्प पर विस्तार पूर्वक बताया। और हमें अपने जीवन में सामाजिक कार्यों में सहभागिता करनी चाहिए, यही मनुष्य जीवन का कर्तव्य है। कार्यक्रम का संचालन प्रेम नारायण बरुआ और आभार जयप्रकाश शर्मा ने व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में राजीव भार्गव, विनोद दूरवार, अवधेश सिंह चौहान, डॉ. शिवेन्द्र सिंह, अनिल बौहरे, भाजपा मण्डल अध्यक्ष अवधेश सिंह बघेल मंचासीन रहे। इसके अलावा लाखन सिंह चौहान, सचिन शर्मा, विवेक सिंह चौहान, मनोज शर्मा, अमित गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।