आरएसएस द्वारा आलमपुर में छत्री स्मारक पर दीप महोत्सव कार्यक्रम

भिण्ड, 10 नवम्बर। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ आलमपुर द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर शुक्रवार की रात्रि में आलमपुर नगर की ऐतिहासिक धरोहर छत्री स्मारक पर भव्य दीप महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें संघ के स्वयं सेवकों सहित आलमपुर नगर के सैकडों लोगों ने हिस्सा लिया। इस अवसर स्वयं सेवकों द्वारा छत्री स्मारक पर साफ-सफाई कर जगह-जगह केसरिया ध्वज लगाकर परिसर को भव्य तरीके से सजाया गया। इसके उपरांत सभी लोगों ने छत्री स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस मनोहारी दृश्य को अनेक लोगों अपने मोबाइल फोन में वीडियो एवं फोटो के माध्यम से कैद किया।
ज्ञात हो कि आलमपुर नगर में सोनभद्रिका नदी के किनारे सूबेदार मल्हार राव होल्कर का भव्य छत्री स्मारक बना हुआ है। इस छत्री स्मारक का निर्माण मल्हार राव होल्कर की मृत्यु के पश्चात देवी अहिल्या बाई होल्कर द्वारा कराया गया था। छत्री स्मारक को खूबसूरती प्रदान करने के लिए विशाल बाग लगा है। छत्री स्मारक और बागीचे की सुंदर को देखकर लोग इस स्थान को छत्रीबाग के नाम से भी जानते हैं। आलमपुर कस्बे के इस प्राचीन ऐतिहासिक स्थल की सुंदरता देखने के लिए आज भी दूर-दूर से लोग आते हैं। छत्री स्मारक पर सुबह शाम लोगों की भीड लगी देखी जा सकती है। इसी के चलते नगर की इस प्राचीन धरोहर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा दीपावली के शुभ अवसर पर दीप महोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया गया।