ग्राम बोनापुरा में चल रही है श्रीमद् भागवत कथा
भिण्ड, 27 अक्टूबर। जिले के ग्राम बोनापुरा मछण्ड में चल रही श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के चौथे दिवस कथा व्यास पं. राजीव कटारे मेहदा वाले कथा का वर्णन करते हुए कहा कि हमारे सनातन धर्म में सभी की पूजा की गई है, गाय हमारी माता है, उसकी दुर्दशा हो रही है, जैसे गंगा नदी है, हम उसको पवित्र मान कर उसकी पूजा करते हैं, राम मनुष्य रूप में हैं, हम भगवान मान कर उनको पूजते हैं। लेकिन गाय को हम सब माता मानते हुए भी उसकी पूजा करके छोड देते हैं, उसकी दुर्दशा हो रही है, ये हमारे सनातन धर्म का अपमान है। हम सभी हिन्दुओं को समझना होगा कि गाय में 33 कोटि देवता निवास करते हैं।
उन्होंने सती चरित्र का वर्णन करते हुए कहा है कि पत्नी को हमेशा पति के मान-सम्मान, स्वाभिमान की चिंता रहनी चाहिए, जैसे माता सती ने भगवान शिव के अपमान होने पर अपने पिता की यज्ञ में स्वयं जलकर भस्म हो गईं, उन्होंने पति का अपमान सहन नहीं किया, स्त्री के लिए पति ही भगवान स्वरूप है, उसकी आन-बान, मर्यादा का सम्मान रखना उसका सर्वोपरि धर्म है। कथा परीक्षित व आयोजन अशोक कुमार द्विवेदी ने सभी भक्तों को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। आज सैकडों श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।