डॉ. राधाकृष्णन का राष्ट्रीय जीवन में हिन्दुत्व के प्रति अटूट प्रेम की भावना जागृत हुई : तिवारी
शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता : डॉ. निराला
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों का किया सम्मान
भिण्ड, 05 सितम्बर। शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता है। सीखने-सिखाने का क्रम अनवरत रूप से सतत प्रवाहमान रहता है। बच्चे का सर्वांगीण विकास ही शिक्षा उद्देश्य है। यह बात शहर के गिर्राज होटल में भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित शिक्षक साहित्यकार डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला ने कही।
भारत के द्वितीय राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की स्मृति पर आयोजित शिक्षक दिवस पर सेवानिवृत्त व्याख्याता आरएन तिवारी ने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन का राष्ट्रीय जीवन में हिन्दुत्व के प्रति उनके अटूट प्रेम की भावना जागृत हुई साहित्य और संस्कृति और दर्शन उनके महत्वपूर्ण विषय थे, अपने अद्भुत विचारों के साथ राष्ट्र एवं देश के युवाओं शिक्षा के क्षेत्र में ऊर्जा भरने का काम किया। वे शिक्षा के बड़े पक्षकार रहे, उन्होंने भारतीय संस्कृति का देश विदेश मे प्रचार-प्रसार किया।
इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कहा कि भारतीय संस्कृति हमारे देश की मुख्य पहचान है, मातृभाषा हिन्दी और संस्कृति दोनों एक समान विद्यार्थियों के ज्ञान को आगे ले जाती है, सर्वप्रथम हमारे गुरु कौन हैं, जिसे हमें पहचानने की आवश्यकता है, जिसने हमें जन्म दिया माता-पिता वही हमारे प्रथम गुरू हैं। दूसरे स्थान पर धार्मिक तौर पर हम अपने संतों से गुरू दक्षिणा लेकर अपने हृदय में उन्हें प्रकट करते हैं। यह महिमा ही हमारी संस्कृति की धरोहर है ज्ञान बुद्धि और विवेक यह हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण अनुकरणीय है जिसका अध्ययन हम सब विद्यार्थियों को करना चाहिए। उन्होंने श्रीमद् भागवत कथा, श्रीराम कथा और महर्षि वाल्मीकि, विश्वामित्र भी राजा दशरथ के पुत्रों के गुरु थे। जिन्होंने भगवान राम और लक्ष्मण भरत शत्रुघ्न और लवकुश को धनुष बाण से लेकर सभी अस्त्र-शस्त्र शिक्षाओं में निपुण किया था, यही भाव हम सब के विद्यार्थियों के मन में होना चाहिए।
सभी मंचासीन अतिथियों ने भारत माता एवं डॉ. राधाकृष्णन भारतीय जनसंघ के प्रेरणा स्त्रोत पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छाया चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन मनीष शर्मा ने किया।
इन शिक्षकों का हुआ सम्मान
भारतीय जनता पार्टी शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नीतेश शर्मा के निर्देशन में कार्यक्रम का आयोजन इंग्लिश ट्यूटोरियल्स के संचालक मनीष शर्मा ने गिर्राज पैलेस में आयोजित किया। जिसमें शिक्षक सम्मान समारोह में सेवानिवृत्त व्याख्याता आरएन तिवारी, प्रो. इकबाल अली, डॉ. सुनील त्रिपाठी, ओपी दौहरे, सुनील लखेरे का मण्डल अध्यक्ष शेरू पचौरी, भाजयुमो नेता प्रतीक पांडे, धर्मेन्द्र सोनी, पवन भारद्वाज सहित महाराणा प्रताप मंडल के अन्य पदाधिकारियों ने शॉल श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह बैठकर उन्हें सम्मानित किया। शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में भिण्ड के वरिष्ठ शिक्षकों उपेन्द्र मिश्रा, एमके जैन, संजीव सेंगर, एमएस कुशवाह का सम्मान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव कांकर ने किया। इस अवसर पर अजीत शर्मा, गोपाल सोनी भी उपस्थित रहे।







