आलमपुर में ढाका विजय दिवस के उपलक्ष्य में निकला पथ संचलन

भिण्ड 16 दिसम्बर। सरस्वती शिशु मन्दिर आलमपुर द्वारा शुक्रवार को ढाका विजय दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय परिवार द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन निकाला गया। जिसमें विद्यालय के भैया बहनें एवं विद्यालय के आचार्य बंधु शामिल हुए।
ढाका विजय दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सेवानिवृत सूबेदार रामस्वरूप सिंह यादव, लखपत सिंह भदौरिया, सेवानिवृत सैनिक दिनेश रजक, शा. महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव, वैदेही शरण कौरव, विद्यालय सचिव सुरेन्द्र सिंह कौरव सहित विद्यालय प्राचार्य ने भारत माता के चित्र पर पुष्म मालाये अर्पित की। इसके पश्चात उन्होंने उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश में 16 दिसंबर का दिन हर साल ढाका विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह वह तारीख है जो विश्व के इतिहास में अमिट हो चुकी है। आज ही के दिन 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने भारतीय सेना इण्डियन आर्मी के सामने घुटने टेक दिए थे। इस दिन युद्ध के दौरान पकिस्तान के करीब 93 हजार जवानों ने भारतीय सेना के समक्ष सरेंडर किया था। इसलिए यह दिन भारत के वीर सैनिकों के शौर्य पराक्रम को सलाम करने का दिन है।

इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा जय घोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से पथ संचलन निकाला गया। जिसमें विद्यालय के भैया-बहनें एवं आचार्य बंधु शामिल हुए। पथ संचलन में विद्यालय के भैया-बहनें एक ही नारा एक ही नाम जयश्रीराम जयश्रीराम, वंदे मातरम् एवं भारत माता के जयकारे लगाते हुए चल रही थी। राजवाड़े में स्थित सरस्वती शिशु मन्दिर परिसर से शुरू हुआ पथ संचलन विजय मंच, तिवारी गली, पुरानी नगर पंचायत, खोडऩ मोहल्ला, छोटी माता मन्दिर, महाजन घटिया, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर, नई मस्जिद, बस स्टेण्ड होते हुए वापस विद्यालय परिसर में पहुंचा, जहां पर कार्यक्रम का समापन हुआ।