स्वामी नारायणानंद तीर्थ के तीन दिवसीय प्रवचन आज से

भिण्ड, 31 अक्टूबर। अनंतश्री विभूषित काशीधर्म पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराजश्री का चंबल प्रवास एवं धर्मयात्रा हेतु अमन आश्रम परा अटेर में 31 अक्टूबर सोमवार को सुबह ग्वालियर धर्मयात्रा के पश्चात आगमन हो रहा है। तत्पश्चात महाराजश्री के सानिध्य में गोपाष्टमी के पावन अवसर पर एक से तीन नवंबर तक तीन दिवसीय आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन गोकुलधाम गौशाला, मंशापूर्ण मन्दिर के पास, इटावा रोड पर किया जाएगा।
नारायण सेवा समिति के प्रवक्ता परानिधेश भारद्वाज ने बताया कि पुण्य कर्म जन्य क्रिया से उत्पन्न होता है। गुरू के उपदेश से होने वाला आत्मदर्शन ही समस्त देवताओं का दर्शन है। गुरू सानिध्य में संपादित गोपाष्टमी महोत्सव अक्षय संस्कृति का प्रतीक है, जो अमरत्व की साधना संधान के लिए समायोजित होता आया है। भारतीय समाज आत्मोन्नति, साधना की परम समृद्धि इस महापर्व को प्राप्त कर विश्व कल्याण, आत्म कल्याण का संपादन करता है। उन्होंने सनातन धर्मानुरागी भक्तगणों से अधिक से अधिक श्रृद्धालु पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया है।