युवक को गुटखा खाना पड़ा महंगा, मामला दर्ज

भिण्ड, 14 अक्टूबर। एण्डोरी थाना क्षेत्र के ग्राम ऐनों निवासी युवक को गुटखा खाना महंगा पड़ गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दोपहर के समय ग्राम ऐनों निवासी रोहित तोमर अपने किसी काम से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचा। जब वह डॉक्टर से बात कर रहा था तो उसके मुहं से गुटखा के छींटे डॉक्टर के मुहं पर पड़े तो डॉक्टर ने उसे गुटखा थूंकने के लिए कहा। लेकिन वह गुटखा थूंकने के बजाय डॉक्टर को गालियां देने लगा और टेबिल पर रखा सामान फेंक दिया। ऐनों अस्पताल में पदस्थ डॉ. धर्मेन्द्र गुर्जर पुत्र उदय सिंह गुर्जर ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 353, 332, 294, 323, 506, 186 भादंवि के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।