मेसेंजर ऑफ पीस स्टार अवार्ड के लिए चयनित हुए निखिल

भिण्ड, 16 सितम्बर। भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ भिण्ड, महाराणा प्रताप ओपन रोवर क्रू के रोवर निखिल तरसोलिया पुत्र कैलाश बाबू का मेसेंजर ऑफ पीस स्टार अवार्ड के लिए चयन हुआ है। निखिल भिण्ड जिले का ही नहीं बल्कि पूरे मप्र का नाम रोशन कर रहे हैं, इसके पहले वे सर्फ स्मार्ट इवेंट के स्टेट मास्टर ट्रेनर हैं और अब उनका चयन एमओपी स्टार अवार्ड के लिए भी हो गया है।
उन्होंने बताया कि पूरे मप्र से सिर्फ एक युवा और तीन वयस्क लोगों का चयन हुआ है। जिसमें युवा एमओपी स्टार अवार्ड के लिए सिर्फ निखिल तरसोलिया का ही चयन किया गया है। अब बहुत ही जल्द राष्ट्रीय स्तर पर एक विशेष समारोह का आयोजन किया जायगा, जिसमें उन्हें स्टार अवार्ड से सम्मानित किया जायगा। इस सफलता को प्राप्त करने के लिए उनका मार्गदर्शन जिला संगठन आयुक्त स्काउट अतिबल सिंह द्वारा समय-समय पर किया जा रहा है। उनकी इस उप्लब्धि पर जिला संघ के समस्त पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं दी हैं।