जिले की सात निकायों पर कांग्रेस का कब्जा, छह भाजपा के खाते में

नगरीय निकाय के द्वितीय चरण में कांग्रेस के तीन एवं भाजपा के दो अध्यक्ष/ उपाध्यक्ष निर्वाचित

भिण्ड, 12 अगस्त। जिले के 13 नगरीय निकायों में से सात पर कांग्रेस एवं छह पर भाजपा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। आठ निकायों के अध्यक्षों की घोषणा प्रथम चरण में बुधवार 10 अगस्त को हो गई थी, जिसमें चार सीटें भाजपा तो चार कांग्रेस को मिलीं। वहीं जिले के शेष पांच निकाय मेहगांव, गोहद, मिहोना, रौन, अकोड़ा के अध्यक्ष/ उपाध्यक्षों के चुनाव शुक्रवार को द्वितीय चरण में संपन्न कराए गए, जिसमें मेहगांव, गोहद एवं मिहोना में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को केवल अकोड़ा एवं रौन से संतोष करना पड़ा है। इस प्रकार कुल 13 नगरीय निकायों में सात पर कांगे्रस और छह पर भाजपा काविज रही।
जिले में नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस के लहार विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह का दबदबा देखने को मिला। उनके लहार क्षेत्र की सभी सीटें कांग्रेस ने निर्विरोध जीती हैं, वहीं गोहद एवं मेहगांव जैसे बड़े निकायों में भी कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है। भिण्ड जिले की 13 निकायों में से सात पर कांग्रेस ने कब्जा जमाया है, जबकि भाजपा को छह निकायों से ही संतोष करना पड़ा है।


शुक्रवार को द्वितीय चरण में गोहद, मेहगांव, अकोड़ा, रौन एवं मिहोना नगरीय निकायों में अध्यक्ष/ उपाध्यक्षों के निर्वाचन कराए गए, जिनमें गोहद नगर पालिका में कांग्रेस की मंजू-जगदीश माहौर अध्यक्ष, कांग्रेस के सुनील कांकर उर्फ चिक्की उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इधर नगर परिषद मेहगांव में कांग्रेस की प्रत्याशी कंचन पिंटू राठौर तीन वोट से अध्यक्ष चुनी गईं, उन्हें कुल नौ मत मिले, जबकि भाजपा के प्रत्याशी छोटीबाई-सुदामा गुर्जर को छह मत मिले। उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन में कांग्रेस के प्रत्याशी देवेन्द्र सिंह नरवरिया को नौ मत मिले, वे तीन मत से विजयी रहे, वहीं भाजपा से उम्मीदवार राकेश शर्मा को कुल छह मत मिले। नगर परिषद अकोड़ा में भाजपा की रवि-सूरज निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गर्ईं, वहीं हाकिम सिंह यादव निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए। नगर परिषद रौन में भाजपा की रिंकी बघेल अध्यक्ष, कांग्रेस के मेवाराम बघेल उपाध्यक्ष चुने गए। नगर परिषद मिहोना में कांग्रेस के ठकुरी प्रसाद निर्विरोध अध्यक्ष एवं अजय चौधरी उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।

प्रथम चरण के चुनाव की यह रही स्थिति

इससे पहले प्रथम चरण के निर्वाचन में गत बुधवार को कराए गए निर्वाचन में आठ निकायों में से चार पर भाजपा व चार पर कांगे्रस के अध्यक्ष काविज हुए थे। इनमें भिण्ड नगर पालिका में भाजपा की वर्षा अमित बाल्मीकि, नगर परिषद फूफ में भाजपा की श्रीमती नफीसा-मुस्तकीम चौधरी निर्विरोध, नगर परिषद मौ में भाजपा की श्रीमती वंदना यादव एवं नगर परिषद मालनपुर में भाजपा की श्रीमती रायश्री निर्विरोध निर्वाचित हुईं थी। इसी प्रकार नगर पालिका लहार में कांग्रेस की श्रीमती मिथलेश-रिंकू नौरोजी निर्विरोध, नगर परिषद दबोह में कांग्रेस की श्रीमती विमला दुधारिया निर्विरोध, नगर परिषद आलमपुर में कांग्रेस के मेहताब सिंह कौरव निर्विरोध एवं नगर परिषद गोरमी में कांग्रेस की श्रीमती पुष्पा महेश्वरी जाटव निर्वाचित घोषित की गई थी।