शास्त्री चौराहे से परेड चौराहे तक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर एकता अखण्डता का दिया संदेश
भिण्ड, 10 अगस्त। आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा अभियान के तहत शा. उत्कृष्ट उमावि क्र.एक एवं सीएम राइज उमावि क्र.दो भिण्ड के छात्र व शिक्षकों ने उत्कृष्ट विद्यालय से परेड चौराहे तक जागरुकता तिरंगा यात्रा निकाली। तिरंगा रैली में उत्कृष्ट विद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना एवं एनसीसी के छात्र सहित क्र.एक व दो विद्यालय के अन्य छात्र शामिल हुए।
रैली को प्राचार्य पीएस चौहान ने जागरुक समाजसेवियों के साथ हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा लगाने का संदेश दिया गया। इस दौरान प्राचार्य ने छात्रों को राष्ट्रीय ध्वज का महत्व समझाया। समाजसेवी डॉ. शैलेन्द्र परिहार ने आजादी के इतिहास पर प्रकाश डाला। रासेयो कार्यक्रम अधिकारी धीरज सिंह गुर्जर ने हर घर तिरंगा अभियान पर बोलते हुए कहा कि तिरंगा हमारे स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। यह हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष, त्याग-बलिदान और शहादत की कहानी को स्मरण करता है। देश की रक्षा के खातिर हमे सदैव तत्पर रहना चाहिए।
रैली में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, डॉ. शैलेन्द्र परिहार, खेल प्रशिक्षक राधेगोपाल यादव, समाजसेवी नीतेश जैन, सुनील दुबे, कृतिका जैन, पिंकू शर्मा, सुनील कौशल, शिक्षक आरबी शर्मा, देवेन्द्र मिश्रा, अशोक शर्मा, देवेन्द्र तिवारी, भूपेन्द्र कुशवाह, सुरेन्द्र बघेल, धीरज सिंह गुर्जर सहित क्र.एक व दो विद्यालय का स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।