भिण्ड, 25 जुलाई। मेहगांव नगर के प्राचीन मन्दिर खेरापति हनुमान दरबार में चल रही संगीतमय श्रीराम कथा में प्रतिदिन संकट मोचन हनुमत यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें श्री हनुमानजी महाराज के 1008 नामावली आहुति दी जाती हैं और यह आहुति सभी देवी देवताओं के पूजन के पश्चात दी जाती हैं।
कथावाचक पं. श्रीराम द्विवेदी महाराज ने हनुमत यज्ञ पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सभी मानव जाति को यज्ञ करना चाहिए, क्योंकि यज्ञ के माध्यम से ही देवताओं को शक्तियां प्राप्त होती हैं, यदि किसी कारणवश यज्ञ में भाग लेने में असमर्थ हैं तब यज्ञ स्थल पर उपस्थित होकर यज्ञ को होते हुए देखना चाहिए, यज्ञ मात्र को देखने से भी पुण्य फल प्राप्त होता है।
यज्ञाचार्य श्री पाठक महाराज ने बताया खेरापति दरबार पर प्रतिदिन संकट मोचन हनुमान यज्ञ किया जा रहा है। जिसमें श्री हनुमान जी महाराज और सभी देवी देवताओं और स्थान देवता श्री खेरापति महाराज की आहुतियां दी जा रही है। ऐसे यज्ञों में भाग लेने से व्यक्तियों के सभी संकटों का नाश होता है। यज्ञ स्थल पर कथा आयोजक संत श्री 1008 शांतिदास जी महाराज के साथ यज्ञ यजमान सोनू लहारिया, शिवम चौधरी, जीतू शर्मा, गुड्डन कटारे, अनुराग शर्मा, हरिओम भदौरिया, ब्रह्मा शर्मा, सहदेव भदौरिया, हरिओम पचौरी, उजाला दंडोतिया उपस्थित रहे।