आउटसोर्स महिला कर्मचारी ने सिविल सर्जन पर लगाए गंभीर आरोप

-सिविल सर्जन को दी जमकर गालियां, वह मुंह छुपकर कक्ष में छुपे

भिण्ड, 28 अक्टूबर। जिला अस्पताल में पदस्थ आउटसोर्स महिला कर्मचारी ने सिविल सर्जन डॉ. आरके मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाए। महिला व उसके परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और सिविल सर्जन से जमकर गाली गलौच की। इस पर सिविल सर्जन डरकर अस्पताल के एक कक्ष में छुप गए। इस बीच अस्पताल के सुरक्षाकर्मी महिला और उसके परिजनों को समझाते दिखे। लेकिन यह सिविल सर्जन से गाली गलौच करते रहे। इस दौरान महिला ने सिविल सर्जन पर अकेले में मिलने बुलाने का आरोप लगाया। यह मामला बाद में थाने भी पहुंचा। महिला ने सिटी कोतवाली में सिविल सर्जन के खिलाफ आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सिविल सर्जन मुंह छुपाते नजर आए। उन्होंने अपना पक्ष मीडिया के समक्ष नहीं रखा। पुलिस मामले की जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कह रही है।