भिण्ड, 12 अक्टूबर। शहर में फास्ट फूड के नाम पर आमजन की सेहत से खिलवाड हो रहा है और खाद्य सुरक्षा अधिकारी आंख बंद किए बैठे हैं। बाजार में जगह-जगह चायनीज व साउथ इंडियन डिस के नाम पर लोगों का स्वास्थ्य बिगडा जा रहा है। यह फास्ट फूड खराब तेल और घटिया सामग्री से तैयार किया जाता है। ठेलों के आसपास गंदगी फैली रहती है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
बाजार में कई जगह ठेलों पर यह खेल चल रहा है, इन पर स्प्रिंग रोल्स, ड्राई मोमोज, चाऊमीन, मंचूरियन, चिली पनीर, बर्गर, पाव भाजी, पाव बडा आदि बिक रहे हैं। इन्हें तैयार करने में घटिया खाद्य तेल, मसाले और सब्जी काम में लिए जा रहे हैं तथा कई घातक रसायन मिलाए जा रहे हैं। इन्हें खाने से लोगों के स्वास्थ्य पर दुष्प्रभाव पड रहा है। उसके बाद भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर में ऐसी खाद्य सामग्री बेचने वालों पर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इसके चलते बार बार एक ही तेल का उपयोग किया जाता है, यह तेल कई कई दिनों तक इस्तेमाल किया जाता है। बार बार जलने से यह तेल नुकसान दायक हो जाता है और स्वास्थ्य पर विपरीत असर डालता है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की बावजूद इसके खाद्य सुरक्षा अधिकारी को कार्रवाई करने की फुरसत नहीं मिली।