पर्यावरण संरक्षण के लिए युवा आगे आएं : राजेन्द्र सिंह

भोजपुर ग्राम भारती द्वारा आयोजित जिला स्तरीय संयोजक मण्डल सम्मेलन का हुआ समापन

रायसेन, 26 दिसम्बर। विद्या भारती मध्य भारत प्रांत भोपाल द्वारा मार्गदर्शित एवं भोजपुर ग्राम भारती शिक्षा समिति जिला रायसेन द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालयों का एक दिवसीय संयोजक मण्डल सरस्वती शिशु मन्दिर कुण्डाली में सानंद संपन्न हुआ।
सम्मेलन के उदघाटन समारोह में ग्राम भारती के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि संयोजक मण्डल की सक्रियता, समझदारी और कुशलता से हमारे गांव आदर्श बनेंगे और उनका समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि भारत गांवों में बसता है। देश की 70 प्रतिशत जनसंख्या गांव में रहती है। हम सभी मिलकर विद्यालय के माध्यम से अपने गांव को खुशहाल, समृद्ध और समर्थ बनाएं। हमारे गांव समर्थ और स्वाबलम्बी होंगे तो हमारा देश आत्मनिर्भर सशक्त और स्वावलंबी होगा।

प्रांतीय उपाध्यक्ष मुरलीधर धर्मवाणी ने कहा कि संयोजक मण्डल की सक्रियता और समझदारी से हमारे गांव आत्म निर्भर बनेंगे, उनका समग्र विकास होगा। प्राचीनकाल में हमारे गांव आत्मनिर्भर थे सभी आवश्यक सामग्री एवं सुविधाएं उपलब्ध थी कालांतर में स्थितियां बदली और गांव से पलायन होने लगा। हम सभी मिलकर अपने गांव को पुन: स्वाबलंबी और आदर्श बनाएंगे। प्रांतीय संयोजक पर्यावरण विषय और जिला प्रमुख राजेन्द्र सिंह ठाकुर ने युवा मण्डल को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए युवा आगे आएं। हमारे गांव के युवाओं को पर्यावरण गतिविधि से जोडा जाय। अपने जन्मदिन पर पौधारोपण कर उसकी सुरक्षा का संकल्प लें। हमारा विद्यालय, गांव का मन्दिर, खेल परिसर और खेत की मेड पर पौधारोपण करना चाहिए। गांव में स्वच्छता अभियान चलाएं। बिजली, पानी की बचत करने का स्वभाव बनाएं। जिला सचिव दौलत सिंह ठाकुर ने कहा कि हमारे विद्यालय का शैक्षिक स्तर जितना श्रेष्ठ होगा गांव में हमारा उतना ही सम्मान बढेगा। कक्षा पांचवी और आठवीं के सभी भैया बहिन प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होना चाहिए। सभी विषयों के योग्य शिक्षक हमारे विद्यालय में होंगे तभी परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट और शत-प्रतिशत आएगा। उन्होंने पेयजल, प्रसाधन, फर्नीचर, खेल सामग्री, भूमि भवन, सहायक सामग्री, कंप्यूटर लैब, प्रोजेक्टर, विषयों की प्रयोगशाला और राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर विस्तार से जानकारी दी।

समापन सत्र में भोपाल भाग प्रमुख रामदयाल लहरपुरे ने कहा कि सरस्वती शिशु मन्दिर विद्यालय समाज द्वारा पोषित होना चाहिए। यह गांव का विद्यालय बने। गांव में सामाजिक समरसता संस्कृति, चेतना जागृत करने वाला विद्यालय बने। समाज की आस्था का केन्द्र हमारा विद्यालय होना चाहिए। भारत माता ग्राम वासिनी है। भारत गांवों में बसता है। हम सभी के प्रयास से हमारा विद्यालय सामाजिक चेतना का केन्द्र बने। सरस्वती वंदना रचना लोधी दीदी ने प्रस्तुत की। अतिथि परिचय जिला प्रमुख ने कराया, स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवराज सिंह रघुवंशी, संयोजक हरिशंकर राय ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रेमनारायण राठौर प्रधानाचार्य शालाबर्रू ने किया। सम्मेलन में प्रांतीय अधिकारी, जिला समिति के पदाधिकारी समाज के वरिष्ठ जन एवं संयोजक मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।