तापमान में आई गिरावट, दिनचर्या होने लगी प्रभावित
भिण्ड, 24 दिसम्बर। मौसम ने जिले में एक बार फिर से करवट बदली और अल सुबह शहर में पहली ही बार घनी धुंध के दर्शन हुए हैं। धुंध के घनेपन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुबह नौ बजे तक भी सडकों पर दृश्यता महज पचास मीटर से भी कम थी। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी थी।
तापमान में गिरावट के चलते एक ओर जहां वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगा है तो दूसरी ओर रोज की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। सेहत बनाने के लिए रोजाना सुबह टहलने जाने वालों में भी काफी कमी आई है। कोहरे के चलते सुबह के समय वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गई और तापमान में गिरावट आने की वजह से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। कोहरे के चलते सडक हादसों की भी आशंका बढने लगी है।
इतना रहा तापमान
उधर न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की कमी दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री तो न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक पहुंचा।
सरसों की फसल को होगा फायदा
कृषि विशेषज्ञों ने इस कोहरे को गेहूं की फसल के लिए खासा फायदेमंद बताया है। साथ ही धुंध से अब पाला भी नहीं जमेगा, जिससे सरसों व सब्जी की फसलों को होने वाला नुकसान टलेगा। मौसम विभाग की मानें तो बीते दिन आसमान पर बादल छाए रहने के चलते सोमवार को धुंध शहरी क्षेत्र तक पहुंच गई।
निकाय ने नहीं जलवाए अलाव
सर्दी बढने पर नगर पालिका और नगर परिषद अपने-अपने इलाकों में लोगों को सर्दी से बचाव के लिए सार्वजनिक स्थलों पर अलाव लगवाती है। इस बार ठण्ड बढ गई लेकिन अलाव कहीं भी नहीं जलवाए गए।