ब्लॉक के सभी मॉनिटर्स ने की सतत मॉनिटरिंग
बच्चों को पोलियो से सुरक्षा हेतु 2665 बूथों पर लगाए गए 5334 कार्यकर्ता
भिण्ड, 10 दिसम्बर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत रविवार को प्रथम दिन जिलेभर में जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग सवा दो लाख बच्चों को दो-दो बूंद पोलियो निरोधी दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने जिला चिकित्सालय भिण्ड में जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल गोयल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुमित सिंह भदौरिया तथा अन्य उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह द्वारा अभियान की मॉनिटरिंग हेतु जिले का भ्रमण कार्य किया गया। इस अभियान में कलेक्टर भिण्ड के निर्देशानुसार अन्य विभागीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण किया, जिससे उनके क्षेत्र में एक भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाए। डॉ. कुशवाह ने बताया कि जो बच्चे किन्हीं कारणों से आज दवा पीने से वंचित रह जाते हैं उन्हें 11 व 12 दिसंबर को कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान पोलियो की दवा पिलायी जाएगी।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सुमित सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार अभियान के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक सहयोग काफी अच्छा रहा। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा भी सराहनीय कार्य किया गया, परिणाम स्वरूप बच्चों में दवा पीने हेतु अच्छा उत्साह देखने को मिला। इस हेतु 5334 कार्यकर्ता लगाए गए, जिनमें 55 टीमों ने जिले में मोबाईल टीम की तरह कार्य किया तथा 36 टीमें बस स्टेण्ड तथा जिले के आवागमन स्थलों पर लगाई गईं। पल्स पोलियो की सतत मॉनीटरिंग हेतु 258 सुपर वाईजर नियुक्त किए गए। अभियान की सतत मॉनिटरिंग हेतु जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को इण्टरनल मॉनिटर बनाया गया, जिसमें डॉ. एसके व्यास ब्लॉक अटेर, डॉ. आलोक शर्मा भिण्ड अर्बन, डॉ. डीके शर्मा ब्लॉक फूफ, डॉ. अवधेश सोनी ब्लॉक मेहगांव, राजेश शर्मा डीपीएम रौन, अजय सिंह व्हीसीएम ब्लॉक लहार तथा सुधीर गौतम जिला कोल्डचौन टेक्नीशियन को गोहद ब्लॉक आवंटित किए गए।