कांग्रेस ने आतंकवाद जैसी अनेक समस्याओं को जन्म दिया : योगी आदित्यनाथ

भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में उप्र के मुख्यमंत्री की जनसभा आयोजित

भिण्ड, 14 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद को और अनेक समस्याओं से भारत को जकड रखा था, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर समस्या का समाधान उन्होंने ढूंढ निकाला। धारा-370 कश्मीर से एक झटके में हटा दी। वर्षों पुराने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर का समाधान निकालकर 22 जनवरी 2024 को रामलला अपने स्थान पर विराजमान होने वाले है। यह वक्तव्य उन्होंने अपने चुनावी दौरे के तहत शहर में 17वीं बटालियन एसएएफ ग्राउण्ड में अटेर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अरविंदसिंह भदौरिया एवं भिण्ड विधानसभा से प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह कुशवाह के समर्थन में आयोजित चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए दिया।

उन्होंने कहा कि यह मप्र चुनाव सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि भारत की तकदीर बदलने के लिए है। डबल इंजन सरकार जहां खडी हो जाती है वहां समस्याओं का समाधान हो जाता है। योगी ने कहा कि आज भारत बदलता हुआ नजर आ रहा है। कांग्रेस ने अनेकों समस्याओं को जन्म दिया, वहीं भाजपा सरकार ने उसे हल करने का प्रयास किया। कोरोना काल में कांग्रेस के लोग एक घर से बाहर नहीं निकले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर यह लडाई हमारे कार्यकर्ताओं ने ही लडी। भारत में दो-दो कोरोना वैक्सीनों का निर्माण हुआ और 220 करोड भारतीय नागरिकों को नि:शुल्क बैक्सीन लगाकर उनको बचाने का कार्य नरेन्द्र मोदी ने किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा 80 करोड गरीबों को नि:शुल्क राशन उपलबध कराया जा रहा है। पांच लाख रुपए तक आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज भी लोगों का किया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्जवला गैस योजना ऐसी कई योजनाएं संचालित हैं। उन्होने कहा कि 17 तारीख को होने वाले चुनाव में अटेर से डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया एवं भिण्ड से नरेन्द्र सिंह कुशवाह को जिताकर भोपाल पहुंचाएं। 22 जनवरी को उनके साथ आपको अयोध्या आना है और जहां रामलला के दर्शन कीजिए।
इस अवसर पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा कि मप्र विधानसभा चुनाव विकास और प्रगति एवं राष्ट्रवाद और गरीब कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार के लिए है। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने युवाओं, मजदूरों, गरीबों, किसानों, महिलाओं हर वर्ग के कल्याण के विकास की चिंता की है। सपा, बसपा, कांग्रेस ऐसे राजनीतिक दल है जो हमेशा परिवादवाद और जातिवाद पर राजनीति करते हैं। भाजपा की विचारधारा में सबका साथ सबका विश्वास और सबका विकास है। इसी मूलमंत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी आपके चुनाव मैदान में है। आप सभी एकजुट होकर भाजपा के प्रत्याशियों को कमल के फूल वाले बटन को दबाकर भारी बहुमत से विजयी बनाएं।
सभा को अटेर विधानसभा के प्रत्याशी अरविन्द सिंह भदौरिया एवं भिण्ड विधानसभा के प्रत्याशी नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन शैलेष नारायण सिंह कुशवाह ने किया। इस अवसर पर सांसद संध्या राय, इटावा विधायक सरिता भदौरिया, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, रविसेन जैन, केशव सिंह भदौरिया, डॉ. रमेश दुबे, कोकसिंह नरवरिया आदि लोग मंच पर उपस्थित थे।