बौरेश्वर धाम में भारतीय किसान संघ की बैठक आयोजित
भिण्ड, 24 अप्रैल। भारतीय किसान संघ तहसील अटेर की बैठक बौरेश्वर धाम में आयोजित की गई। जिसमें उपस्थित कार्यकर्ताओं ने गायों एवं जंगली जानवरों द्वारा फसल को बर्बाद करने के लिए सरकार को दोषी ठहराया। कई बार सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, ज्ञापन दिए गए, लेकिन इस समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया। कई खेतों में जानवरों ने पूरी फसल नष्ट कर दी, महंगी लागत और मेहनत के बाद किसान के हाथ में जब कुछ नहीं मिलता तो किसान आत्महत्या को मजबूर हो जाता है। इस समस्या का एक ही समाधान है कि सरकार चंबल के बीहड़ों में गौ अभ्यारण्य खोलें, जिससे फसलों को सुरक्षा मिलेगी और बीहड़ों का भी सुधार होगा।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश उपाध्यक्ष नमोनारायण दीक्षित ने सर्व सम्मति से जून में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती करने की सलाह दी। मई माह में प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे, जिसमें किसानों को प्रशिक्षण एवं जागरुक किया जाएगा। यह शिविर ग्राम उदोतगढ़, कनैरा, चोम्हो, अंगदपुरा, कदौरा, प्रतापपुरा, परा आदि गांव में लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भिण्ड में जहां 95 प्रतिशत किसानों का भरण पोषण खेती पर निर्भर है, इसलिए जिला मुख्यालय पर कृषि महाविद्यालय भी जरूरी है, यह मांग भी सरकार के समक्ष रखी जाएगी। 26 अप्रैल से किसान संघ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर अन्न संग्रहण करेंगे।
बैठक का संचालन रामकरन सिंह भदौरिया खड़ेरी एवं आभार प्रदर्शन शैलेन्द्र सिंह भदौरिया ने किया। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के प्रांत मंत्री कुलदीप भदौरिया, लक्ष्मण सिंह नरवरिया, प्रदीप शर्मा सकराया, होमसिंह बघेल सुखवासीपुरा, राधेश्याम शर्मा सुरपुरा, सुरेश शर्मा, रामसेवक शर्मा, धनसिंह कुशवाह, मोहन सिंह कुशवाह उदोतगढ़, राजेन्द्र गर्ग, राधेश्याम, राकेश गर्ग जलपुरी, रामचंद्र सिंह अंगदपुरा आदि किसान उपस्थित थे।