अच्छी संगत से होती है आध्यात्मिक गुणों में वृद्घि: विहर्ष सागर

चंपाबाग धर्मशाला में चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन चल रहे हैं मुनिश्री के मंगल प्रवचन

ग्वालियर, 26 अगस्त। मनुष्य के जीवन में संगत का बहुत असर पड़ता है। दर्शन के लिए माया और अभिमान का त्याग सबसे आवश्यक है। इसलिए भगवान महावीर स्वामी ने कहा है कि कोई व्यक्ति जन्म से अच्छा या बुरा नहीं होता है। व्यक्ति का जीवन अच्छा या बुरा कैसा बनता है यह तो उसकी संगत पर निर्भर करता है, क्योकि अच्छी संगत से होती है आध्यात्मिक गुणों में वृद्घि। यह बात राष्ट्र संत मुनि श्री विहर्ष सागर महाराज ने गुरुवार को नई सड़क स्थित चंपाबाग धर्मशाला में धर्मसभा को संबोधित करते हुए कही। मंच मुनि श्री विजयेश सागर महाराज, मुनि श्री विनिबोध सागर महाराज एवं ऐलक श्री विनियोग सागर महाराज मौजूद थे।
मुनि श्री विहर्ष सागर महाराज ने कहा कि आजकल जो लड़ाइयां लड़ी जा रही हैं, उसका समाधान महापुरुषों की वाणी से हो सकता है। क्योंकि परमात्मा किसी मन्दिर, मस्जिद, गुरुद्वारे में कैद नहीं है, बल्कि वह सर्वव्यापी है और हमारे अंदर ही है। भगवान किसी की बापौती नहीं है और ना ही ठेकेदारी है। भगवान के नाम पर लडऩे वाले अपनी अज्ञानता का प्रदर्शन कर रहे हैं। कस्तूरी नामक सुंगधित पदार्थ कस्तूरी के शरीर के अंदर ही होता है। लेकिन अज्ञानता वश वह उसे जीवनभर खोजता रहता है। इसी प्रकार हमारी अंतर्रात्मा में परमात्मा का विराट रूप समाया है, उसे विराट रूप को जगाने की जगह हमें उसे जीवन भर खोजते रहते हैं। भगवान को खोजने के लिए मनुष्य अनंतकाल तक भटकता रहता है और उसमें अपनी शक्ति और सामथ्र्य भी लगा देता है। इसके बाद भी वह भगवान को प्राप्त नहीं कर पाता है। जिस प्रकार पत्थर से आवरण हटा लें तो वह मूर्ति बन जाती है। उसी प्रकार लोग कर्मों से आवरण को ज्ञान और साधना के माध्यम से हटा लें तो हमारी आत्मा ही परमात्मा के रूप में परिवर्तित हो जाएगी। हमें परमात्मा को खोजना नहीं है बल्कि उसे अपने अंदर जगाना है।

दीप प्रज्वलन व मंगल चरण से हुआ धर्मसभा का शुभारंभ

जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन आदर्श कलम ने बताया कि धर्मसभा का शुभारंभ ब्राह्मचारिणी प्रियंका दीदी ने मंगल चरण कर किया। दीप प्रज्वलित समाजजनों ने सामूहिक किया। इस मौके समिति के विनय कासलीवाल, अनिल जैन, जैन मिलन ग्वालियर के अध्यक्ष योगेश बोहरा, सचिव आशीष जैन, संजीव जैन, पंकज बाकलीवाल, संजय जैन, मिखिल जैन सहित समाजजनों ने श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया।

मुनिश्री के प्रतिदिन मंगल प्रवचन एवं यह कार्यकम होगे आयोजित

जैन समाज के प्रवक्ता सचिन जैन ने बताया कि मुनि श्री विहर्ष सागर महाराज संसघ के मंगल प्रवचन नई सड़क स्थित चंपाबाग धर्मशाला में सुबह 8:30 से होंगे। वहीं 10 बजे मुनिराजों की आहारचर्या, दोपहर तीन बजे से तत्वचर्चा एवं शाम छह बजे से आनंद यात्रा, प्रश्नमंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मुनिराजों की भव्य आरती होगी।