शासन की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचे और लाभ मिले : सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया

विकास यात्रा के दौरान 283.02 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास एवं भूमिपूजन हुआ

भिण्ड, 10 फरवरी। प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया के नेतृत्व में विकास खण्ड अटेर के ग्राम सुरपुरा से विकास यात्रा प्रारंभ हुई। उन्होंने अटेर के ग्राम सुरपुरा में विकास यात्रा रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। विकास रथ यात्रा अटेर के ग्राम सुरपुरा से प्रारंभ होकर मनेपुरा, रमा, परियाया एवं सकराया में विकास यात्रा का समापन हुआ। यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
विकास रथ यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में 283.02 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण/ शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया गया। जिसमें ग्राम सुरपुरा में 5.67 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया, जिसमें 3.43 लाख की लागत से स्वच्छता परिसर निर्माण, 2.24 लाख की लागत से नाला निर्माण का लोकार्पण किया। ग्राम मनेपुरा में 43.40 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिसमें 12 लाख की लागत से नाला निर्माण कार्य, 4.57 लाख की लागत से नाला निर्माण कार्य, 7.80 लाख की लागत से आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य, 3.47 लाख की लागत से सुलभ शौचालय निर्माण, 6.70 लाख की लागत से बंबा खुदाई निर्माण कार्य, 2.86 लाख की लागत से शान्ति धाम निर्माण कार्य, छह लाख की लागत से सीसी रोड निर्माण का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ग्राम रमा में 223.71 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिसमें 184.71 लाख की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण कार्य, 15 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण, 24 लाख की लागत से सड़क निर्माण का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। ग्राम परियाया में पंचायत भवन निर्माण कार्य, आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। ग्राम सकराया में 10.24 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। जिसमें 7.66 लाख की लागत से सीसी नाला निर्माण कार्य, 2.58 लाख की लागत से सेग्रीगेशन-सेड निर्माण का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने विकास यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जनहितैषी योजनाओं से कोई भी पात्र वंचित नहीं रहे इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम और शहर के प्रत्येक वार्ड में विकास यात्रा निकाली जा रही है। आमजन तक शासन की योजनाओं की जानकारी पहुंचे और हर व्यक्ति को अधिकार पूर्वक योजनाओं का लाभ देना ही इस यात्रा का उद्देश्य है। विकास यात्रा के माध्यम से सरकार हर घर, हर परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। जनहित में सरकार द्वारा लगातार विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार को चिन्हित कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देना यही विकास यात्रा का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विकास की इबादत योजनाओं के माध्यम से हर घर पहुंच रही है यदि कोई किसी कारण से वंचित रह गया है तो उसे लाभ दिलाने का प्रयास यात्रा का मुख्य उद्धेश्य है।
मंत्री डॉ. भदौरिया ने कहा कि लंबे समय के इंतजार के बाद कनेरा सिंचाई परियोजना को पर्यावरण मंत्रालय से अनुमति मिल गई है। इस अनुमति के बाद अब अटेर क्षेत्र के किसानों के लिए कनेरा सिंचाई उद्वहन परियोजना का कार्य शीघ्र ही प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि कनेरा सिंचाई उद्वहन परियोजना के तहत् अटेर क्षेत्र की लगभग 15 हजार हैक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। साथ ही वृहद स्तर पर किसानों को लाभ होगा। मंत्री ने विकास यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में जनसेवा अभियान अंतर्गत स्वीकृति पत्रों का वितरण किया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं अनेक विकास कार्यों के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अटेर में 10 से 14 फरवरी तक अटेर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अटेर महोत्सव के अंतर्गत कई सांस्कृतिक, एडवेंचर एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन अटेर किले के नीचे एवं चंबल किनारे किया जाएगा। उन्होंने अटेर महोत्सव आयोजन में शामिल होने सभी आमजनों को आमंत्रण दिया।