दीन दुखियों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है : प्रो. शर्मा

मकर संक्रांति पर हम फाउण्डेशन ने किए वस्त्र वितरण

भिण्ड, 15 जनवरी। मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर हम फाउण्डेशन सिटी शाखा द्वारा भारौली तिराहा स्थित झुग्गी झोपडिय़ों में रहने वाले गरीब परिवारों के बीच पहुंचकर वस्त्र, गजक, लाई के लड्डू, तिल्ली के लड्डू आदि वस्तुओं का वितरण कर मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, प्रांतीय महासचिव प्रो. रामानंद शर्मा, शाखा संरक्षक महेन्द्र चौधरी, जिलाध्यक्ष शैलेश सक्सेना, शाखा अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया, योगेश शर्मा, विनय सिंह कुशवाह, विकास कुशवाह, एडवोकेट हरिनारायण शर्मा आदि उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि मकर संक्रांति का पर्व सामाजिक समरसता का पर्व है। दीन दुखियों को दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है, हम सभी को नर में नारायण और नारी में नारायणी के स्वरूप का दर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दिन से रातें छोटी एवं दिन बड़े होने लगते हैं, मकर संक्रांति पर सूर्य की राशि में हुए परिवर्तन को अंधकार से प्रकाश की ओर अग्रसर होना माना जाता है।
प्रो. इकबाल अली ने कहा कि सनातन धर्म में मकर संक्रांति पर्व का बड़ा ही महत्व है, इस दिन दान व धार्मिक आयोजन करने से बड़े पुण्य फल की प्राप्ति होती है। उन्होंने कहा कि इस दिन से सभी नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है और सकारात्मक का उदय होता है। शाखा संरक्षक महेन्द्र चौधरी ने कहा कि सक्रांति पर्व पर मनुष्य में परोपकार दान आदि के गुण विकसित होते हैं, सूर्य की उत्तरायण में आने से प्रकृति में भी सुख का संचार होता है। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति का पर्व भारत में ही नहीं बल्कि नेपाल में भी मनाया जाता है। कार्यक्रम को शैलेश सक्सेना और योगेश शर्मा ने भी संबोधित किया।