भिण्ड, 21 अगस्त। भाजपा के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कांग्रेस नेता राकेश चौधरी के सारे आरोपों को खारिज कर कहा है कि यह छोटा मुंह बड़ी बात वाली कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं। कहां संघ और कहां चौधरी साहब। चौधरी साहब संघ को जानने व समझने के लिए कुछ दिन के लिए आए तो थे लेकिन मेहगांव उपचुनाव उन्हें फिर कांग्रेस में वापस ले गया।
भाजपा मीडिया सेंटर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में पूर्व विधायक कुशवाह ने कहा कि संघ राष्ट्रवादी संगठन है। इसकी तुलना कांग्रेस के नेता राकेश चौधरी ने तालिबान और हिटलर से कर दी। चौधरी साहब विश्वव्यापी संगठन के प्रति अपनी सोच बदलें और कांग्रेस में रहते हुए भी संघ की शाखा में आकर संघ को और करीब से जानने का प्रयास करें, तभी वे संघ को समझ पाएंगे। उन्होंने कहा कि चौ. राकेश सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और जिम्मेदार पदों पर रहे हैं। लेकिन संघ पर आरोप लगाकर उन्होंने ओछी मानसिकता का परिचय दिया है। संघ के कार्यों को वे नजदीक आकर देखेंगे तब संघ को समझ पाएंगे। संघ के सेवा कार्य इतने प्रभावी हैं कि आज उसे विश्वभर में पूजा जाता है। विदेशों तक मे संघ की शाखाएं लग रही हैं। संघ के स्वयं सेवकों ने देश में आई हर प्राकृतिक आपदा में जनसेवा का कार्य किया है। संघ के लोग राष्ट्रसेवा के लिए अपना घर द्वार तक छोड़ देते हैं। संघ जैसा संगठन पूरे विश्व में कोई नहीं है। फिर चौ. राकेश सिंह संघ को समझने व जानने के लिए संघ से जुड़ें और उसके कार्यों को देखें। निस्वार्थ भाव से संघ जैसी सेवा कोई दूसरा संगठन नहीं कर पाया। ऐसे संगठन के प्रति चौधरी साहब की सोच ने उनकी मानसिक स्थिति का पर्दाफाश कर दिया है।