कांग्रेस नेताओं द्वारा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना तालिबान से करना हास्यास्पद : डॉ. दुबे

भिण्ड, 21 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश दुबे ने कांग्रेस द्वारा राष्ट्रहित में समाज सेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ जैसे संगठन की तुलना तालिबानियों से करना, जिनका सोशल मीडिया पर हुए वायरल वीडियो पर पलटवार करते हुए कहा कि ये उनकी विचारधारा है जो उन्हें ऐसे वक्तव्य देने के लिए प्रेरित करती है, जबकि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ का समर्पण हमेशा समाज सेवा के क्षेत्र में रहा है जो कि देश पर आने वाले संकटों में हमारा हर स्वयं सेवक लोगों की निस्वार्थ भाव से सेवा करता है।
डॉ. दुबे ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने भारत के मिसाइल मेन वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साहब को भारत का राष्ट्रपति बना कर अल्प संख्यक समाज में एक नई मिसाल कायम की थी, फिर हम कैसे उनके विरोधी हो गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतागणों ने अपने वीडियो में जिस प्रकार से संघ परिवार पर आरोप लगाए हैं, वह सत्यता से परे होकर बेहद हास्यास्पद है, इसे उनका मनोविकार ही समझना चाहिए, संघ सारे समाज को लेकर राष्ट्रवाद के लिए संगठित होकर काम करता है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. दुबे ने कहा कि वीडियो में दिख रहा यह बयान इस बात को दर्शाता है कि पूरे देश से कांग्रेस मुक्त हो चुकी है और राजनीतिक निकृष्टता दिखाकर वोट बटोरने के लिए इस प्रकार की भाषा बोलकर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर कीचड़ उछालने का काम किया जा रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि ये लोग वही भाषा बोल रहे हैं जो पूर्व में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता ने अल्पसंख्यक समाज को खुश करने के लिए संघ पर आरोप लगाकर मुस्लिम समाज के वोट उन्हें मिल जाएं। उन्होंने कहा इस प्रकार की संघ और तालिबान से तुलना नहीं करें क्योंकि अल्प संख्यक समाज का भी कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है। यह देश सर्व धर्मो का सम्मान करता है और करता रहेगा, पर फिरका परस्ती ताकतों को बर्दाश्त नहीं करेगा। कश्मीर भारत का अंग है और रहेगी इसे कोई हिंदुस्तान की जमीन से हिला नहीं सकता।