अखण्ड भारत का नारा देने वाली भाजपा देश को ले जा रही है विभाजन की ओर : डॉ. भारद्वाज

भिण्ड, 09 जून। अखण्ड भारत का नारा देने वाली भाजपा महज वोट बैंक की खातिर देश को विभाजन की भट्टी में झोंकने का कार्य कर रही है, ये बहुत ही निंदनीय है। ये आरोप आज प्रदेश भाजपा की घोषित कार्यसमिति सदस्यों की सूची में नाम के साथ-साथ जाती और वर्ग के कॉलम पर आपत्ति जताते हुए जिला कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने लगाए।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले देश को धर्म, संप्रदायों में बांटा और अब जातियों में बांटकर को देश को विभाजन की और ले जाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से प्रश्न करते हुए पूछा मप्र में अब पार्टी की कार्यसमिति की घोषित सूची में वर्ग व जाति का कॉलम देकर कितने टुकड़े और करना चाहते हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा को अपना नाम भारतीय जनता पार्टी को बदलकर भारतीय विभाजन जनता पार्टी रख लेना चाहिए। भाजपा की ऐसी सोच पर जनता धिक्कारती है। इन्होंने भाजपा की इस घटिया सोच को बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी के मुद्दे से ध्यान भटकाने की साजिश करार देते हुए कहा कि जनता अब सब समझ चुकी हैं, देश अब सिर्फ कांग्रेस के हांथों में ही सुरक्षित रह सकता है, भाजपा के हांथों में देश 20 साल पीछे चला गया है।