दीनदयाल जी के एकात्म मानवतावाद एवं अंत्योदय के सिद्धांत को जन-जन तक लेकर जाएं : थापक

भिण्ड, 25 सितम्बर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय की 160वी जयंती पर भारतीय जनता पार्टी मण्डल गोरमी द्वारा 64 बूथ केन्द्रों पर दीनदयाल जी की जयंती मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पौधारोपण, फल वितरण जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए। नगर के वार्ड क्र.15 स्थित बूथ केन्द्र पर किसान मोर्चा द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाजपा के मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक, विशेष अतिथि के रूप में जिलामंत्री राजकुमार जैन, वरिष्ठ नेता श्रीकृष्ण कटारे मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष विजय कुशवाह ने की। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों ने महामानव एकात्म मानवतावाद के प्रवर्तक पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर उनको नमन किया। इसके बाद बूथ अध्यक्ष बल्लू पाण्डे ने उपस्थित अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्य अतिथि भाजपा मण्डल अध्यक्ष सुभाष थापक ने कहा कि आज हम ऐसे महामानव की जयंती मना रहे हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब कल्याण एवं समाजसेवा में लगा दिया। हमें पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानवतावाद एवं अंत्योदय के सिद्धांत को जन-जन तक लेकर जाना है, हमारे केन्द्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार इसी लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रही है, आज सरकार द्वारा गरीब कल्याण एवं अंत्योदय के लिए आवास योजना घर-घर शौचालय मुफ्त राशन जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जो पं. दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करेगी।
विशेष अतिथि वरिष्ठ नेता श्रीकृष्ण कटारे ने कहा कि हम सबको गर्व है कि हम ऐसी पार्टी में काम कर रहे हैं, जिसके संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय जैसे कर्म योगी रहे, जिन्होंने छोटी सी उम्र में पूरे देश में समाज के हर वर्ग में अपनी अलग पहचान बनाई, आज हमारी सरकार है, उनके बताए मार्ग पर काम कर रही है। कार्यक्रम का संचालन मण्डल महामंत्री मोनू शर्मा ने एवं अंत में आभार किसान मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष विजय कुशवाह ने व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिवराज यादव, सोनू भदौरिया, मोनू शर्मा, प्रेमप्रताप नरवरिया, डॉ. वेदप्रकाश शर्मा, राहुल कटारे, रणवीर परमार, विजय पाण्डे, शिवम शर्मा सहित बूथ केन्द्र एवं किसान मोर्चा के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।