कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की बैठक

भिण्ड, 14 सितम्बर। राजस्व अधिकारियों की बैठक कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में आयोजित की गई। जिसमें राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार, लहार आरए प्रजापति, मेहगांव वरुण अवस्थी, गोहद शुभम शर्मा सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों सहित राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि न्यायलयीन प्रक्रिया में प्रकरण लंबित न रहें, एसडीएम यह सुनिश्चित करें कि सभी राजस्व न्यायलयों में प्रकरणों का यथाशीघ्र निरकरण हो। आगामी दिनों में अभियान चलाकर लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन प्रकरण के मामलो में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वामित्व योजना में डोर-टू-डोर सर्वे कार्य के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने बाढ़ क्षति आंकलन सर्वे कार्य के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने पूर्ण क्षति, आंशिक क्षति, गंभीर क्षति वाले मकानों, फसल क्षति एवं पशु हानि सर्वे कार्य के संबंध में जानकारी ली एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।