बाढ़ पीडि़तों के नुकसान की पाई-पाई दिलाने सड़कों पर उतरेगी सपा

सपा नेताओं ने किया बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा
बाढ़ पीडि़तों का छलका दर्द, सिंधिया के निर्देशों का नहीं हुआ पालन

भिण्ड, 01 सितम्बर। अटेर क्षेत्र में चंबल नदी में आई भीषण बाढ़ का पानी उतर जाने के बाद बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अटेर, मुकुटपुरा, नावली वृंदावन गांव के बाढ़ से प्रभावित हुए पीडि़त परिवारों के घर-घर जाकर बाढ़ से हुई तबाही का जायजा लिया।
बाढ़ की विभीषिका की मार झेल रहे अधिकतर ग्रामीणजनों ने बताया के उनके घरों में रखा सारा अनाज पशुओं का भूसा एवं घर गृहस्थी का सारा सामान नष्ट हो चुका है। प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष नीरज यादव ने पीडि़तों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी आफत की इस घड़ी में आप लोगों के साथ है तथा आपकी हर पीड़ा को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने एवं पीडि़तों को न्याय दिलाने का काम करेगी।
प्रदेश सचिव बीके बोहरे ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा 27 अगस्त के अपने सूक्ष्म दौरे के दौरान बाढ़ पीडि़तों की मदद हेतु चार भागों की कार्य योजना कलेक्टर को नोट कराई गई थी, जिसके प्रथम भाग में पीडि़तों के भरण पोषण हेतु खाद्य सामग्री एवं पशुओं के लिए चारा पानी आदि का बंदोबस्त दो दिन की तय समय सीमा अंतर्गत सभी पीडि़तों को उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए थे। परंतु बड़े ही अफसोस की बात है कि पांच दिन व्यतीत होने के बाद भी प्रशासन द्वारा केन्द्रीय मंत्री की प्रथम भाग की कार्य योजना पर अमल नहीं किया गया है। जिस कारण पीडि़तों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बोहरे ने प्रशासन को चेताते हुए कहा कि अगर बाढ़ आपदाग्रस्त ग्रामीणों के साथ नाइंसाफी हुई तो समाजवादी पार्टी सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेगी।
इस अवसर पर देवराज यादव, मनीष यादव, मुकेश पुरवंशी, आशीष यादव, राधामोहन यादव, नागेन्द्र भदौरिया, अंशु यादव, सत्येन्द्र यादव, अनिल यादव, आलोक प्रताप यादव, हरिमोहन यादव, रामबरन यादव, वीरेन्द्र यादव, युवजन सभा निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष देवराज यादव, विजय यादव, अनिल सिंह हेवतपुरा सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।