– जन्म से पांच वर्ष तक के दो लाख 94 हजार बच्चों का लक्ष्य
भिण्ड, 11 अक्टूबर। जिले में कलेक्टर भिण्ड के मार्गदर्शन में पल्स पोलियो अभियान 12 अक्टूबर रविवार को 2248 बूथ लगाकर जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो से सुरक्षा हेतु दो बूंद पल्स पोलियो की पिलाई जाएगी। राज्य शासन द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रथम दिवस ही बूथ पर अधिक से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जेएस यादव ने जिले के समस्त अभिभावकों से अपील की है कि वे 12 अक्टूबर रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान जिले में आयोजित किया जा रहा है, उक्त अभियान हेतु हम आपसे अपील करते हैं कि अपने ग्रामीण/ शहरी क्षेत्रों के समस्त जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बालक/ बालिकाओं एवं शिशुओं को पोलियो की दवा आवश्यक रूप से पिलाने का संकल्प लें।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर ने बताया कि इस हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, जिसमें प्रथम दिवस पोलियो रविवार 12 अक्टूबर को बूथ स्थापित कर दो बूंद जिंदगी की खुराक जन्म से 5 वर्ष के सभी बच्चों को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पिलाई जाएगी। दूसरे एवं तीसरे दिन कार्ययोजना अनुसार टीमें घर-घर भ्रमण कर छूटे हुए बच्चों को 13 तथा 14 अक्टूबर को घर-घर जाकर दो-दो बूंद पिलाई जाएगी। अभियान की सतत् मॉनिटरिंग हेतु जिले के अधिकारियों को इंटरनल मॉनिटर नियुक्त किए गए हैं, जिसमें डॉ. आलोक शर्मा ब्लॉक मेहगांव, डॉ. शिवराम सिंह कुशवाह रौन, डॉ. डीके शर्मा ब्लॉक अटेर, डॉ.अवधेश सोनी ब्लॉक गोहद, सौरभ शर्मा ब्लॉक फूप/ भिण्ड अर्बन, अमित गहलोत ब्लॉक लहार आवंटित किए गए हैं।