राज्य कर्मचारी संघ के 47वे स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 07 अक्टूबर। मप्र राज्य कर्मचारी संघ जिला भिण्ड द्वारा संघ के 47वे स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पेंशनर महासंघ के प्रदेश महामंत्री सुरेश चन्द्र बादल तथा विशिष्ट अतिथि जिलाध्यक्ष भिण्ड नरेन्द्र सिंह भदौरिया रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य कर्मचारी संघ के भिण्ड के जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह कुशवाह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती, भगवान विश्वकर्मा तथा दत्तोपंत ठेगड़ी का पूजन, माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन पंकज सोनी ने किया।
मुख्य अतिथि सुरेश चन्द्र बादल ने मप्र राज्य कर्मचारी संघ की स्थापना एवं संघ द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी तथा भविष्य में संघ के विस्तार के बारे में सुझाव दिए। अध्यक्षता कर रहे राघवेन्द्र सिंह कुशवाह ने जिले में तहसील एवं ब्लॉक कार्यकारिणी के निर्वाचन से लेकर सदस्यता संबंधी संपूर्ण जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तर पर कर्मचारियों के हित में किए गए कार्यों जैसे कर्मचारियों के गृह भाड़ा भत्ता में बढ़ोत्तरी तथा कर्मचारी के स्वास्थ्य बीमा योजना संबंधी प्रदेश स्तर पर कार्रवाई जारी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्मचारी संघ की उपाध्यक्ष कुसुम परमार ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए राज्य कर्मचारी संघ सदैव तत्पर रहेगा। कर्मचारियों की हितों की रक्षा करने के लिए यह उचित मंच है। विशिष्ट अतिथि नरेन्द्र सिंह भदौरिया ने कहा कि राज्य कर्मचारी संघ कर्मचारियों की समस्याओं को परामर्शदात्री समिति में जिला स्तर की समस्याओं के लिए कलेक्टर के समक्ष रखकर निराकरण कराने का प्रयास करता है। पंकज सोनी ने संघ की स्थापना से लेकर वर्तमान स्थिति में संघ के क्रियाकलापों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में राज्य कर्मचारी संघ के जिला सचिव सत्यनारायण सोनी ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष अवधेश शर्मा भी मौजूद थे।