कमलनाथ के नेतृत्व में उपचुनाव की सभी सीटे जीतेगी कांग्रेस : डॉ. भारद्वाज

भिण्ड, 30 अक्टूबर। राज्य में विधानसभा की तीन सीटों एवं लोकसभा के लिए संपन्न हुए उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की जीत तय है। कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने दावा करते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, और बेरोजगारी से पूरा देश त्रस्त है, भाजपा के जनविरोधी नीतियों को प्रदेश की जनता अब समझ चुकी हैं इसलिए संपन्न उपचुनाव में भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. भारद्वाज ने कहा कि राज्य के आज तक के इतिहास में सत्तारूढ़ पार्टी को उपचुनाव में उतनी सफलता नहीं मिली जितनी कांग्रेस को मिली है। उन्होंने कहा ये उपचुनाव आने वाले 2023 की रूपरेखा तय करेंगे। शिवराज सिंह के कार्यकाल में हर वर्ग परेशान हैं, अतिथि शिक्षकों को बेरोजार किया गया, युवाओं को रोजगार देने में असफल रहे, प्रदेश में किसानों को खाद, बीज देने में नाकाम भाजपा सरकार से प्रदेश की जनता का मोहभंग हो गया है। उपचुनाव में जीत दर्ज कर कांग्रेस लोकतंत्र का मखौल उड़ाने वाली भाजपा के खिलाफ उसे हटाने तक संघर्ष जारी रखेगी।