-शनीचरा के जंगल में आरोपी ने कर दी थी महिला की हत्या
भिण्ड, 01 नवम्बर। ऊमरी पुलिस ने एक महिला के अंधे कत्ल के मामले की पडताल पूरी कर आरोपी को पकड लिया है। घटना स्थल से पुलिस ने मृतका के कपडे समेत नर कंकाल के अवशेष बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक ग्राम चकरा ढोंचरा निवासी महिला मीरा बघेल पत्नी नरेश बघेल उम्र 50 वर्ष गत पांच अक्टूबर को घर से निकली थी। उसे पूजा करने शनीचरा जाना था। गांव का ही रहने वाला मुन्ना जोशी मीरा को ऊमरी से मालनपुर लेकर पहुंचा। यहां से उसे शनीचरा के जंगल में ले गया। बताया जाता है कि सिद्ध बाबा मंदिर के पास महिला को अकेला देख आरोपी की नीयत बिगड गई। उसने गलत काम करना चाहा, लेकिन महिला ने विरोध कर दिया। इसी बात से क्रोधित होकर आरोपी ने सिर को पत्थर से कुचलकर महिला की हत्या कर दी और मौके से भागकर गांव आ गया। महिला के समय सेघर न लौटने से परिवार वाले चिंतित हो गए। छह अक्टूबर की शाम को उमरी थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। मृतका के परिवार के सदस्य नाथूसिंह बघेल का कहना है कि उसका पति और बेटा अहमदाबाद रहता है। वो गांव में अकेली रहती थी। आरोपी मुन्ना जोशी मुरैना जिले के अंबाहा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह गांव के नरेन्द्र सिंह राजावत के कुएं की रखवाली पर रहता था। घटना स्थल से भगवान की प्रतिमा व मृतका के कपडे मिले। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मीरा का शव जंगली जानवर खा गए। घटना स्थल पर उसके कपडे और पूजा सामग्री मिली है। वह अपने साथ बाल गोपाल भगवान ले गई थी। उनकी मूर्ति भी मौके पर मिली है। घटना स्थल पर नर कंकाल के अवशेष भी बरामद हुए हैं। ऊमरी थाना प्रभारी छत्रपाल सिंह तोमर ने बताया कि गुम महिला की हत्या हुई थी। मोबाइल डिटेल से संदेही को पकड गया। उसने घटना स्वीकार कर ली है। घटना स्थल से साक्ष्य बरामद हुए हैं। पुलिस ने नर कंकाल के अवशेष जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं।